महाराष्ट्र की राजनीति में भारी हलचल, NCP के दोनों गुटों के विलय की चर्चा फिर तेज
सत्ताधारी राकांपा के महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा है कि यदि अजीत पवार जीवित होते तो इस साल फरवरी ...और पढ़ें

राकांपा के दोनों गुटों के विलय को लेकर एक बार फिर अटकलें तेज
HighLights
राकांपा के महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे ने दिए इसके संकेत
कहा, अजीत पवार जीवित होते तो इस साल फरवरी में ही हो गया होता दोनों गुटों का विलय
10 नवंबर के बाद शरद पवार से प्रफुल्ल पटेल की संभावित मुलाकात का वीडियो भी प्रसारित
पीटीआई, मुंबई। प्रफुल्ल पटेल के अस्पताल में राकांपा (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार से मिलने और 10 नवंबर के बाद संभावित मुलाकात पर चर्चा करने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
इसी बीच सत्ताधारी राकांपा के महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा है कि यदि अजीत पवार जीवित होते तो इस साल फरवरी में ही दोनों गुटों का विलय हो गया होता।
इन दो घटनाओं ने राकांपा के दोनों गुटों के विलय को लेकर एक बार फिर अटकलों को हवा दे दी है। फिलहाल सत्ताधारी राकांपा की कमान महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के पास है, जबकि विपक्षी 'महाविकास अघाड़ी' (एमवीए) गठबंधन का हिस्सा रही राकांपा (शरदचंद्र पवार ) का नेतृत्व शरद पवार कर रहे हैं।
मीडिया से बात करते हुए तटकरे ने कहा कि यदि अजीत पवार जीवित होते तो 12 फरवरी को ही दोनों राकांपा गुटों का विलय औपचारिक रूप से हो गया होता।
राज्य के उप मुख्यमंत्री और राकांपा अध्यक्ष रहे अजीत पवार की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने राकांपा प्रमुख का पद संभाला और उप मुख्यमंत्री बनीं।
तटकरे ने कहा कि अजीत दादा ने मुझे विलय को लेकर हो रही बातचीत और इसे कैसे अंतिम रूप दिया जाएगा, इस बारे में बताया था। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब राकांपा के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल का एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। इसमें वह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मुलाकात करते और 10 नवंबर के बाद संभावित बैठक पर चर्चा करते दिख रहे हैं।
शरद पवार फिलहाल इसी अस्पताल में सीने के संक्रमण का इलाज करा रहे हैं। 85 वर्षीय शरद पवार से प्रफुल्ल पटेल ने गुरुवार रात अस्पताल में मुलाकात की थी।यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब राकांपा के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
इस मुलाकात में पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ व जय शामिल नहीं थे। शाह के साथ यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब ऐसी खबरें आ रही हैं कि राकांपा नेतृत्व पार्टी में पार्थ पवार के बढ़ते प्रभाव से खुश नहीं है।
अस्पताल में पटेल और पवार के बीच हुई बातचीत के वीडियो में राकांपा (शरदचंद्र पवार) प्रमुख को राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष से कुछ कहते हुए सुना जा सकता है। इस पर कार्यकारी अध्यक्ष ने जवाब दिया कि वे 10 नवंबर के बाद मुंबई में होंगे, तब वे साथ बैठकर इस मामले पर चर्चा कर सकते हैं।
पवार इस बात के लिए सहमत हो गए। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए पटेल ने कहा कि अस्पताल में मुलाकात के दौरान पवार ने उनके साथ राष्ट्रीय और राज्य की राजनीति पर चर्चा की और उनकी बातचीत में राकांपा के आंतरिक मामलों का कोई जिक्र नहीं था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पवार को फोन किए जाने के बारे में पूछे जाने पर पटेल ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच अच्छे और सम्मानजनक संबंध हैं। संभवतः मोदी ने पवार का हाल-चाल जानने के लिए ही फोन किया होगा।
कई नेताओं ने पवार से की मुलाकात
प्रफुल्ल पटेल के अलावा कई नेताओं और प्रमुख हस्तियों ने शरद पवार से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना है। इनमें उद्योगपति गौतम अदाणी, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत शामिल हैं।
दो दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी फोन पर शरद पवार से बात की थी। महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले शरद पवार इन दिनों अस्वस्थ हैं।
पिछले दिनों स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण उन्हें पुणे के रूबी हाल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। जांच और उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दी गई थी, लेकिन आगे की जांच और उपचार के लिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।