विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तीन देशों की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना, स्पेन करेगा सम्मानित
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज स्पेन, मोरक्को और बुल्गारिया के तीन देशों के चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गई हैं। इस दौरान उन्हें स्पेन में ऑपरेशन मैत्री के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।
नई दिल्ली, एएनआइ। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज स्पेन, मोरक्को और बुल्गारिया की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गई हैं। सुषमा इस दौरे पर इन देशों के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय संबंधों एवं आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने इसे लेकर संवाददाताओं से कहा कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 16 से 19 फरवरी तक बुल्गारिया, मोरक्को और स्पेन की यात्रा पर रहेंगी। सुषमा स्वराज अपनी यात्रा के प्रथम चरण में 16 से 17 फरवरी तक बुल्गारिया जाएंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह किसी भारतीय विदेश मंत्री की बुल्गारिया की पहली यात्रा है।
बता दें कि राष्ट्रपति कोविंद की यूरोपीय देशों की यात्रा के 6 महीने बाद यह यात्रा हो रही है। उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान सोफिया के साउथ पार्क में बुल्गारिया के राष्ट्रपति रुमेन राडव के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया था। इस कार्यक्रम का आयोजन महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती समारोह के तौर पर हुआ था।
सुषमा 17 से 18 तक मोरक्को का दौरा करेंगी। इस दौरान वह अपने मोरोकन समकक्ष नासिर बोरिटा और मोरक्को के राजा मोहम्मद VI से से मिलेंगी। इस यात्रा के दौरान आतंकवाद के खिलाफ तीन समझौता ज्ञापनों (Mou) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। मोरक्को की यह यात्रा भारत के साथ अफ्रीकी महाद्वीप के साथ पनप रहे बेहतर रिश्ते का उदाहरण है।
सुषमा को सम्मानित करेगा स्पेन
अपनी यात्रा के अंतिम चरण में, सुषमा 18-19 फरवरी को स्पेन की यात्रा करेंगी। इस यात्रा के दौरान, स्पैनिश सरकार उन्हें ऑपरेशन मैत्री के लिए प्रतिष्ठित सम्मान 'ऑर्डर ऑफ सिविल मेरिट' से सम्मानित करेगी।
बता दें कि ऑपरेशन मैत्री 2015 नेपाल में आए भूकंप के बाद भारत द्वारा शुरू किया गया एक राहत और बचाव मिशन था। इस ऑपरेशन से हजारों लोगों को बचाया गया था, जिसमें 71 स्पेनिश नागरिकों को बचाया गया।
ऑर्डर ऑफ सिविल मेरिट 1926 में स्पेन के राजा अल्फोंसो XIII द्वारा स्थापित किया गया था और यह सम्मान 'राष्ट्र की सेवा में अधिकारियों के नागरिक गुण, स्पेन के लाभ के लिए स्पेनिश और विदेशी नागरिकों द्वारा असाधारण सेवा के लिए दिया जाता है।'
इस सम्मान से 2012 में मैक्सिको के राष्ट्रपति फेलिप काल्डेरोन हिनोजोसा, 2008 में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति खलीफा बिन जायद को सम्मानित किया जा चुका है। सुषमा इस दौरान तीनों देशों में भारतीय समुदाय के लोगों से मिलेंगी।