Sushma Swaraj Birth Anniversary: विदिशा में स्थापित होगी सुषमा स्वारज की मूर्ति, मुख्यमंत्री शिवराज का ऐलान
भाजपा की वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री और विदिशा की सांसद रहीं सुषमा स्वराज की आज जयंती है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया कि विदिशा में सुषमा स्वराज की प्रतिमा स्थापित होगी।
भोपाल, पीटीआइ। भाजपा की वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और विदिशा की सांसद रहीं सुषमा स्वराज की रविवार को जयंती है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया कि विदिशा में सुषमा स्वराज की प्रतिमा स्थापित होगी। रविवार को सुषमा स्वराज की जयंती के अवसर पर चौहान ने अपने आवास पर दिवंगत भाजपा नेता को राज्य के कुछ मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि विदिशा के विकास में सुषमा स्वराज का योगदान अतुलनीय है। विदिशा के टाउन हॉल में उनकी एक प्रतिमा लगाई जाएगी।
बता दें कि 2009 और 2014 के लोकसभा चुनावों में भोपाल से लगभग 58 किलोमीटर दूर स्थित विदिशा से स्वराज ने जीत दर्ज की थी। 6 अगस्त, 2019 को 67 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और अन्य भाजपा नेताओं ने भी रविवार को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
बांसुरी स्वराज ने किया नमन
सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज ने उनकी जयंती पर उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि हैप्पी बर्थडे मां। केक अब फीका लगता है। स्नेह और करुणा का मानवीय रूप हैं सुषमा स्वराज। आइए हम सब आज किसी की मदद करें और मां का जन्मदिन साथ मनाएं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट करके कहा कि बहन सुषमा स्वराज जी एक प्रखर वक्ता और प्रबल व्यक्तित्व के साथ-साथ, सादगी और संजीदगी की भी मिसाल थीं। देश हो या विदेश, उन्होंने अपनी गतिविधियों के जरिए भारत का मान बढ़ाया। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान याद किया जाएगा। उनकी जयंती के अवसर मैं उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।