पीएम मोदी आज करेंगे लॉकडाउन की अवधि में भाजपा द्वारा किए गए सेवा कार्यो की समीक्षा
मोदी के लद्दाख दौरे और वहां की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर भाजपा महासचिव ने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भरोसा है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा की प्रदेश इकाइयां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने शनिवार शाम चार बजे कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण के लिए लागू देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान किए गए विभिन्न कल्याणकारी कार्यो के बारे में अपनी-अपनी रिपोर्ट पेश करेंगी।
पार्टी के डिजिटल प्लेटफार्म पर लाइव प्रसारित किया जाएगा: भाजपा महासचिव अरुण सिंह
भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी एवं अन्य के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे। यह वर्चुअल होगी और पार्टी के डिजिटल प्लेटफार्म पर लाइव प्रसारित किया जाएगा।
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ में पार्टी ने 61 से ज्यादा वर्चुअल रैलियां कीं
अरुण सिंह ने कहा कि पहली वर्षगांठ मनाने के लिए पार्टी ने 61 से ज्यादा वर्चुअल रैलियां कीं। 30 मई को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ थी। वर्चुअल रैलियों में 11.49 करोड़ लोगों ने भाग लिया। सरकार के पहले साल की उपलब्धियों को प्रचारित करने के लिए भाजपा के घर-घर अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं ने 5.41 करोड़ लोगों से संपर्क किया।
पार्टी ने लॉकडाउन के दौरान 22 करोड़ लोगों को भोजन कराया
पार्टी ने लॉकडाउन के दौरान 22 करोड़ लोगों को भोजन भी कराया और 80 लाख सैनिटाइजर एवं 2.5 करोड़ मास्क बांटे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आरोग्य सेतु एप के बारे में जागरूकता फैलाई और पीएम केयर्स फंड में दान देने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा महासचिव ने कहा- देश के लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भरोसा है
मोदी के लद्दाख दौरे और वहां की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर भाजपा महासचिव ने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भरोसा है। वह यह साफ कर चुके हैं कि जो भी भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा उसे उचित जवाब मिलेगा। उत्तर प्रदेश में एक मुठभेड़ के दौरान कई पुलिसकर्मियों की जान जाने के बारे में उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार आरोपितों को नहीं बख्शेगी।