रेलवे बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लोहानी के राजनीति में आने की अटकलें तेज
रेलवे बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अश्विनी लोहानी भाजपा की तरफ से भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं।
नईदुनिया, भोपाल। रेलवे बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अश्विनी लोहानी के राजनीति में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। लोहानी तीन दिन से भोपाल में थे। हालांकि, इसे उनकी निजी यात्रा बताया जा रहा है, लेकिन अटकलें यह भी है कि वह भाजपा की तरफ से भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। लोहानी से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने अभी कोई भी बात करने से इन्कार कर दिया।
भोपाल से भाजपा के टिकट पर लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव
लोहानी मध्य प्रदेश टूरिज्म कॉरपोरेशन के प्रबंध संचालक रह चुके हैं। मध्य प्रदेश में उन्होंने कई साल तक काम किया है। इसके बाद उन्हें एयर इंडिया का चेयरमैन और फिर रेलवे बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया था। लोहानी 1980 बैच के भारतीय रेल सेवा के अधिकारी हैं और भाजपा के कई नेताओं व संघ के करीबी माने जाते हैं।
बताया जाता है कि रिटायरमेंट के बाद अधिकारियों के कार्यक्रम में भी उनसे भोपाल से चुनाव लड़ने का सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि अभी यह कहना जल्द है। लोहानी 31 दिसंबर को रिटायर हुए हैं।