कर्नाटक के चुनावी रण में सोनिया गांधी, 2 साल बाद करेंगी रैली को संबोधित
सोनिया गांधी कनार्टक के बीजापुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी।
नई दिल्ली (जेएनएन)। कर्नाटक चुनाव की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे चुनावी शोर और तेज होता जा रहा है। सत्ता बचाने के लिए कांग्रेस अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को कनार्टक के विजयपुरा (बीजापुर) में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी। लगभग दो साल बाद यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी किसी चुनावी रैली या सभा में हिस्सा लेने जा रही हैं। इससे पहले उन्होंने वाराणसी में चुनावी रैली को संबोधित किया था। अभी तक वे चुनाव प्रचार से दूर थीं, लेकिन अब यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चुनाव प्रचार से दूर रहने के फैसले को उलट दिया है।
मंगलवार को कर्नाटक में सोनिया गांधी के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रैली को संबोधित करेंगे। मोदी अपने चुनावी प्रचार अभियान के अंतिम दौर की शुरुआत सुबह करेंगे, जबकि सोनिया एक मात्र चुनावी जनसभा को शाम को विजयपुरा में संबोधित करेंगी। मोदी मंगलवार को कोप्पल और बेंगलुरु में भी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
8 मई को बीजापुर में रैली
सोनिया गांधी अब 8 मई को कर्नाटक में चुनाव प्रचार करती नजर आएंगी। जानकारी के मुताबिक, वे बीजापुर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगी। राहुल गांधी के कांग्रेस के अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बार है, जब सोनिया गांधी चुनाव प्रचार करने जा रही हैं। इससे पहले पूर्वोत्तर में हुए तीन राज्यों के चुनाव में उन्होंने पूरी तरह से खुद को अलग रखा था।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल सोनिया
बता दें कि राहुल गांधी को दिसंबर 2017 में कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था, तब से सोनिया गांधी कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में ही शिरकत करतीं थी। उन्होंने चुनावों से दूरी बना ली थी, लेकिन एक बार फिर वे कर्नाटक में चुनाव प्रचार करती नजर आएंगी। उनका नाम कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी शामिल है। अब सोनिया गांधी में राहुल गांधी को मजबूती देने के मकसद से बीजापुर में चुनावी रैली करने का फैसला लिया है। राहुल पहले से ही कर्नाटक में पार्टी को मजबूती देने और दोबारा सत्ता पर काबिज होने की कोशिशों में जुटे हैं।गौरतलब है कि कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों पर 12 मई को एक चरण में मतदान होना, जिसकी मतगणना 15 मई को होगी।