CWC Meeting के बाद शिवराज सिंह चौहान बोले- तो कोई भी कांग्रेस को नहीं बचा सकेगा
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले लोक सभा चुनाव द्वारा वंशवाद की राजनीति को खारिज कर दिया था लेकिन कांग्रेस ने इससे सबक नहीं लिया।
भुवनेश्वर, पीटीआइ। वरिष्ठ भाजपा नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कांग्रेस पर अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले लोक सभा चुनाव द्वारा वंशवाद की राजनीति को खारिज कर दिया था, लेकिन कांग्रेस ने इससे सबक नहीं लिया। पार्टी अभी भी चाहती है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी नेतृत्व करें।
चौहान ने कहा कि भाजपा ने एक मिसाल कायम की है क्योंकि उसके नेता स्वाभाविक रूप से पार्टी में बढ़ते हैं, जबकि कांग्रेस एक परिवार से आगे नहीं बढ़ पाती है। कांग्रेस को चेताते हुए उन्होंने कहा कि अगर लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अध्यक्ष का चुनाव नहीं होता है तो कोई भी उसे नहीं बचा सकेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इससे सबक नहीं लेना चाहती है। यह आश्चर्यजनक है कि सीडब्ल्यूसी अभी भी चाहती है कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी पार्टी का नेतृत्व करें।
गौरतलब है कि है कि लोकसभा चुनाव में मुंह की खाने के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसे बाद उन्हें पार्टी नेता मनाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वो नहीं माने। उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी का अगला अध्यक्ष गांधी-नेहरू परिवार से नहीं चुना जाएगा। इसके बाद शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमिटी (cwc) की बैठक हुई। सोनिया जबतक AICC नियमित अध्यक्ष का चुनाव नहीं करता तब-तक इस पद पर बनी रहेंगी। इस दौरान सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष चुना गया। इसी के बाद शिवराज ने कांग्रेस पर हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि वंशवाद, परिवार और जाति की राजनीति से संचालित राजनीतिक दल आम चुनावों में उत्तर प्रदेश और बिहार सहित हर जगह हार गए। लोगों ने पश्चिम बंगाल में तुष्टीकरण की राजनीति को भी खारिज कर दिया है, उन्होंने कहा कि लोगों ने राष्ट्रवाद और विकास को चुना। चौहान ने दावा किया कि कांग्रेस को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से एक नेता का चयन करना चाहिए और यदि वह ऐसा करने में विफल रहते हैं, तो कोई भी पार्टी को नहीं बचा सकता है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप