शिवराज ने साधा दिग्विजय पर निशाना, कहा- राम के अस्तित्व को नकारने वाले अब शुभ-अशुभ मुहूर्त बता रहे
शिवराज ने तंज किया कि कांग्रेस के ही कुछ अति उत्साही नेताओं ने नारा दिया था कि मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे।
भोपाल, स्टेट ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भूमिपूजन करेंगे। इस समय को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील की थी कि यह मुहूर्त अशुभ है और इसमें शिलान्यास न करें।
अरे कांग्रेसियों, राम का नाम लेने से ही समय शुभ हो जाता है
सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, 'कांग्रेस के नेता जिन्होंने श्रीराम के अस्तित्व को ही नकार दिया था, आज राम मंदिर निर्माण के शुभ-अशुभ समय के निर्धारण में लगे हैं। अरे कांग्रेसियों, राम का नाम लेने से ही समय शुभ हो जाता है। कांग्रेस के लिए राम, राजनीति के विषय होंगे, हमारे लिए भक्ति और आस्था के विषय हैं।'
शिवराज ने कहा- कांग्रेस ने ही नारा दिया था कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे
शिवराज ने तंज किया कि कांग्रेस के ही कुछ अति उत्साही नेताओं ने नारा दिया था कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। वह शुभ घड़ी आ गई तो उनके पेट में दर्द होने लगा है। पौराणिक काल में जब मुनि यज्ञ करते थे तो असुर और राक्षस उसमें विघ्न डालते थे। कांग्रेस के नेता यही चरितार्थ कर रहे हैं।