शशि थरूर ने कहा- यदि BJP जीती तो देश हिंदू पाकिस्तान बन जाएगा, भाजपा ने किया पलटवार
शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में कहा कि अगर 2019 में भाजपा लोकसभा चुनाव जीतने में कामयाब होती है तो देश हिंदू पाकिस्तान बन जाएगा।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय जनता पार्टी ने 'हिंदू पाकिस्तान' वाले बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शशि थरूर पर हमला बोला है। थरूर के बायन को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में कहा कि अगर 2019 में भाजपा लोकसभा चुनाव जीतने में कामयाब होती है तो देश हिंदू पाकिस्तान बन जाएगा। भाजपा ने थरूर के बयान को वोट बैंक पॉलिटिक्स से जोड़ते हुए कांग्रेस और दूसरी पार्टियां के सेक्युलरिज्म को फर्जी करार दिया।
थरूर के बयान पर टिप्पणी देते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा कि वह पढ़े-लिखे काबिल इंसान हैं। अगर उन्होंने कुछ कहा है, तो सोच-समझकर ही कहा होगा। उन्हें अपनी सोच रखने का अधिकार है।
भाजपा की ओर से पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कांग्रेस मोदी के खिलाफ बोलने के लिए देश के लोकतंत्र पर हमला बोल रही है। उन्होंने इसे हिंदुओं पर हमला भी करार दिया। वहीं, केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा, 'यह शशि थरूर का भ्रम है और ऐसा लग रहा है कि न तो कांग्रेस सत्ता में है और न ही आने की उम्मीद है। यह कांग्रेस पार्टी ही है जिसने हमारे संविधान से खिलवाड़ कर लोगों के अधिकार और आजादी छीनी थी।' उधर जेवीएल नरसिम्हा ने कहा कि कांग्रेस और दूसरी पार्टियों का धर्मनिरपेक्षतावाद फर्जी है। कांग्रेस बस अल्पसंख्यक समुदाय को लुभाना चाहती है।
तिरुवनंतपुरम में एक सभा को संबोधित करते हुए थरूर ने कहा की 2019 में भाजपा जीती तो संविधान को तहस नहस कर देगी और एक ऐसे संविधान का निर्माण करेगी जो सिर्फ हिंदू राष्ट्र के हितों की रक्षा करेगी। फिर वह भारत नहीं रहेगा जिसके लिए महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आजाद और महान नायकों ने स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई लड़ी।
अपने इस बयान के पीछे शशि थरूर ने अपने तर्क दिए। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए भाजपा को लोकसभा और राज्यसभा में बहुमत चाहिए। राज्यसभा में फिलहाल भाजपा के पास बहुमत नहीं है लेकिन आने वाले समय में राज्यसभा में भी भाजपा का बहुमत हो जाएगा। राज्यसभा में बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा हिंदू राष्ट्र के एजेंडे पर बढ़ेगी।
उधर शशि थरूर के इस बयान पर भाजपा की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि शशि थरूर का यह बयान हिंदुस्तान को नीचा दिखाने के साथ ही हिंदुओं को भी नीचा दिखाता है। उन्होंने कहा कि बार-बार कांग्रेस पार्टी के नेता इस तरह के बयान देकर पाकिस्तान को ऑक्सीजन देने का काम करते हैं।