थरूर ने की जेटली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना, कहा- राजनीति के मैदान में फिर होंगे आमने-सामने
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के स्वस्थ होने की खबर सुन कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राहत की सांस ली।
नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के बेहतर स्वास्थ्य की खबर सुन राहत की सांस ली। उन्होंने ट्वीट कर अरुण जेटली को अपने कॉलेज का साथी व मित्र बताते हुए जल्दी स्वस्थ होने की कामना की और फिर से राजनीति के मैदान में आमने-सामने आने की उम्मीद जताई। उन्हें सांस में परेशानी की शिकायत के बाद शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती किया गया था।
जेटली के भर्ती होने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन व कई अन्य नेता अस्पताल पहुंचे और उनका हाल लिया। शनिवार को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी जेटली से मुलाकात की और बताया कि इलाज से उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। पेशे से वकील अरुण जेटली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान कैबिनेट के सबसे महत्वपूर्ण सहयोगी रहे हैं। खराब स्वास्थ्य की वजह से इस साल उन्होंने लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा।
सितंबर 2014 में वजन कम करने के लिए मैक्स अस्पताल में उनकी बैरियाट्रिक सर्जरी की गई। पिछले साल किडनी ट्रांसप्लांट के बाद 66 वर्षीय जेटली ने राजनीति से ब्रेक ले लिया। इसके कुछ महीने बाद उन्हें सॉफ्ट टिश्यू कैंसर होने का मामला सामने आया। शुक्रवार को सांस लेने में परेशानी व घबराहट के बाद सुबह में उन्हें एम्स लाया गया था।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप