विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शुभेंदु की संगठन क्षमता से प्रभावित थे कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रियरंजन दासमुंशी, 2008 में उनके लिए दिल्ली से मंगवाए थे केंद्रीय बल

Published: Thu, 12 Nov 2026 01:12 PM (IST)

कांग्रेस के दिग्गज प्रियरंजन दासमुंशी शुभेंदु अधिकारी की संगठनात्मक क्षमता से प्रभावित थे। 2008 के पंचायत चुनाव में उन्होंने शुभेंदु ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. प्रियरंजन दासमुंशी शुभेंदु अधिकारी की संगठनात्मक क्षमता से प्रभावित थे।

  2. 2008 पंचायत चुनाव में शुभेंदु के लिए केंद्रीय बल मंगवाए थे।

  3. अब्दुल मन्नान के संस्मरण में पुराने राजनीतिक प्रसंग का खुलासा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की संगठनात्मक क्षमता से कभी कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी भी प्रभावित थे।

साल 2008 के पंचायत चुनाव के दौरान मेदिनीपुर में शुभेंदु अधिकारी के कुशल संगठनात्मक कामकाज को देखकर प्रियरंजन के मन में उनके प्रति विशेष लगाव पैदा हुआ था। इतना ही नहीं, उन्होंने शुभेंदु की मदद के लिए दिल्ली में फोन कर केंद्रीय बल भी मंगवाए थे।

पुस्तक में किया जिक्र

बंगाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अब्दुल मन्नान ने अपने संस्मरण में इस पुराने प्रसंग का खुलासा किया है। यह प्रसंग प्रियरंजन दासमुंशी की स्मृति में प्रकाशित विशेष पुस्तक 'प्रिय-भाष' में शामिल है। 13 नवंबर को उनकी जयंती के अवसर पर कोलकाता में रिजर्व बैंक के सामने उनकी पूर्णकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

इस कार्यक्रम का आयोजन प्रियरंजन दासमुंशी द्वारा स्थापित गण संस्कृति संसद की ओर से किया जा रहा है। इस मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ खेल और सांस्कृतिक जगत की हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।

दूसरे दल में होने के बावजूद शुभेंदु की क्षमता को सराहा

अब्दुल मन्नान ने अपने संस्मरण में लिखा है कि 2008 के पंचायत चुनाव के दौरान मेदिनीपुर में शुभेंदु अधिकारी जिस कुशलता से संगठन का काम संभाल रहे थे, उससे प्रियरंजन दासमुंशी काफी प्रभावित हुए थे। उस समय शुभेंदु तृणमूल कांग्रेस में थे, जबकि प्रियरंजन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। इसके बावजूद उन्होंने शुभेंदु की संगठनात्मक क्षमता को महत्व दिया और उनके लिए दिल्ली से केंद्रीय बलों की व्यवस्था कराई।


इस प्रसंग के जरिए प्रियरंजन दासमुंशी की राजनीतिक सोच और व्यक्तिगत संबंधों को भी रेखांकित किया गया है। गण संस्कृति संसद के अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस के नेता अमिताभ चक्रवर्ती तथा अब्दुल मन्नान हाल में पूर्व सांसद शिशिर अधिकारी को कार्यक्रम का निमंत्रण देने पहुंचे थे। इस दौरान पुरानी राजनीतिक घटनाओं और नेताओं के आपसी संबंधों पर भी चर्चा हुई।

उनके अनुसार, प्रियरंजन दासमुंशी अपने राजनीतिक विरोधियों को व्यक्तिगत दुश्मन नहीं मानते थे। अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा के नेताओं के साथ भी उनके आत्मीय संबंध थे। आज की राजनीति में विरोधी दलों के नेताओं के बीच बढ़ती तल्खी के दौर में उनके इस व्यवहार को विशेष रूप से याद किया जा रहा है।

जयंती समारोह में कई दलों के नेताओं को न्योता

प्रतिमा अनावरण समारोह में वामपंथी, कांग्रेस, भाजपा और तृणमूल कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित लोगों में वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बोस, पूर्व सांसद व मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, दीपा दासमुंशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, तृणमूल सांसद सौगत राय और ममता तृणमूल के वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय के नाम शामिल हैं।

सबने किया याद

विशेष प्रकाशन 'प्रिय-भाष' में विमान बोस और पूर्व सांसद देवप्रसाद राय ने भी प्रिय रंजन दासमुंशी से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए हैं। देवप्रसाद राय ने भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर प्रियरंजन दासमुंशी की सोच का उल्लेख किया है। वहीं, विमान बोस ने उनके साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों और आत्मीय व्यवहार को याद किया है। इस आयोजन के माध्यम से अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के नेताओं के बीच प्रियरंजन दासमुंशी के व्यापक संपर्क और स्वीकार्यता को भी सामने लाने की कोशिश की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।