पात्रा ने कहा- कांग्रेस व पाकिस्तान एक ही सिक्के के दो पहलू बनकर देश के हालात खराब करने में जुटे
कांग्रेस ने वर्ष 2007 में गुजरात व राजस्थान में हिंदू शरणार्थियों को देश की नागरिकता देने के लिए संशोधन किया था।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस और पाकिस्तान एक ही सिक्के के दो पहलू बनकर देश के हालात खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून पर भड़की हिंसा के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।
देश में कांग्रेस वही रवैया अपना रही, जो भारत के खिलाफ इमरान अपना रहे
नागरिकता संशोधन कानून पर समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को जम्मू पहुंचे संबित पात्रा ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की जन जागरण मुहिम में हिस्सा लेते हुए पात्रा ने कहा कि देश में कांग्रेस वही रवैया अपना रही है, जो भारत के खिलाफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अपना रहे हैं।
कांग्रेस ने दी डेढ़ लाख बांग्लादेशियों व युगांडा के कई लोगों को नागरिकता
कांग्रेस ने वर्ष 1955 के बाद नागरिकता अधिनियम में आठ बार संशोधन कर करीब डेढ़ लाख बांग्लादेशियों व युगांडा के कई लोगों को नागरिकता दी।
देश में भड़की हिंसा के लिए कांग्रेस जिम्मेदार
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने नागरिकता संशोधन कानून पर देश के विभिन्न हिस्सों में भड़की हिंसा के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चाय वाला प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बर्दाश्त नहीं हो रहा है। वह अपने राजकुमार को इस कुर्सी पर बिठाने के सपने देख रही है।
कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं, चाय बेचने वाला ले रहा ऐतिहासिक फैसले- पात्रा
नागरिकता संशोधन कानून पर समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को जम्मू पहुंचे संबित पात्रा ने एक अन्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कहा कि कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं हो रहा कि एक चाय बेचने वाला अनुच्छेद 370 व 35ए, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण और नागरिकता संशोधन कानून जैसे बड़े-बड़े ऐतिहासिक फैसले ले रहा है।
नागरिकता कानून में इससे पहले आठ बार संशोधन हो चुके हैं
उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून में यह कोई पहला संशोधन नहीं है। इससे पहले आठ बार संशोधन हो चुका है। कांग्रेस ने वर्ष 2007 में गुजरात व राजस्थान में हिंदू शरणार्थियों को देश की नागरिकता देने के लिए संशोधन किया था।
मनमोहन ने तो हिंदू सिखों की बात की थी, भाजपा तो हिंदुओं समेत कई धर्मों की बात कर रही है
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने लालकृष्ण आडवाणी से हिंदू सिखों को नागरिकता देने के लिए कानून में संशोधन करने की बात कही थी। भाजपा ने तो हिंदुओं समेत अन्य कई धर्म के शरणार्थियों को भी नागरिकता का अधिकार दिया है।