यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पूरा सचः तेजप्रताप की डिग्री पर फैलाई जा रही थी अफवाह, ये है हकीकत
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के संस्थापक लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप सिंह की एक फोटो वायरल हो रही है जिससे विवाद खड़ा हो रहा है।

नई दिल्ली, जेएनएन: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के संस्थापक लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप सिंह की एक फोटो वायरल हो रही है जिससे विवाद खड़ा हो रहा है। तेज प्रताप की एक फोटो को फेसबुक पर "नरेंद्र मोदी - True इंडियन" नामक एक पेज पर पोस्ट किया गया है। पोस्ट का दावा है कि तेज प्रताप, जिन्होंने अपनी दसवीं की परीक्षा भी पास नहीं की है। उन्हें तक्षशिला विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की डिग्री मिली है। फेसबुक पेज "नरेंद्र मोदी - True इंडियन" के 1,086,394 फॉलोअर्स हैं। इस पेज को लगभग 2 हजार बार शेयर किया गया है।
लिंक को खुद चेक करने के लिए क्लिक करें - http://archive.is/HfOQL
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए जागरण ने इस खबर की जांच करने का फैसला किया।
जागरण की पड़ताल
इस फोटो को सबसे पहले हमने गूगल रिवर्स इमेज किया। इससे हमें पता चला कि इस तस्वीर को फरवरी 2017 में तेज प्रताप ने खुद ट्वीट किया था। ट्वीट के अनुसार, यह कार्यक्रम आईजीआईएमएस में आयोजित किया गया था। तेज प्रताप ने अपने ट्वीट में यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने आईजीआईएमएस में इस कार्यक्रम में डिग्री प्रमाण पत्र और स्वर्ण पदक विजेताओं को दिए थे। उनके ट्वीट से पता चलता है कि इस तस्वीर का तक्षशिला विश्वविद्यालय से कोई लेना-देना नहीं है।
हमने अपनी जांच को और भी आगे बढ़ाया, ताकि इस संबंध में पुख्ता सबूत हासिल हो। अधिकतर वीडियो यूट्यूब पर मिलते हैं, इसलिए हमने इसको यूट्यूब पर खोजा। हमें 2017 में आयोजित आईजीआईएमएस के दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम का एक वीडियो भी मिला और इस वीडियो से साफ स्पष्ट है कि वह छात्रों को प्रमाणपत्र वितरित कर रहे थे।
हमारी जांच में साफ हो गया कि ये फोटो सही है लेकिन इसे गलत संदर्भ में फैलाया जा रहा है। जागरण फेक न्यूज के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा और आपके सामने हर खबर की पूरी असलियत सामने लाता रहेगा।
पूरा सच जानें...सब को बताएं
सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी भी ऐसी किसी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज, और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। ईमेल कर सकते हैं। वाट्सऐप्प के माध्यम से सूचना दे सकते है।