RSS का बड़ा बयान, कहा- हमारा विकास सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़ा नहीं
संघ के संयुक्त महासचिव मनमोहन वैद्य ने शनिवार को गुंटूर के प्रांत प्रचारक बैठक के इतर संवाददाताओं को बताया कि संघ के विकास का सत्तारूढ़ भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है।
गंटूर (आंध्र प्रदेश), एएनआइ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि संघ के विकास और सत्तारूढ़ भाजपा के बीच कोई लेना-देना नहीं है। संघ का पिछले कुछ सालों में कई गुना विस्तार हुआ है। देश भर में मौजूदा समय में संघ की 50 हजार से अधिक शाखाएं हैं। इसमें सबसे अधिक शाखा केरल में लगती है।
संघ के संयुक्त महासचिव मनमोहन वैद्य ने शनिवार को गुंटूर के प्रांत प्रचारक बैठक के इतर संवाददाताओं को बताया कि संघ के विकास का सत्तारूढ़ भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। हमारा आधार सतत् रूप से बढ़ रहा है। संघ की अधिकतम शाखाएं केरल में हैं, जबकि वहां भाजपा सत्ता में भी नहीं है।
संघ के विकास और भाजपा के सत्ता में होने का आपस में कोई संबंध नहीं है। वैद्य ने कहा कि समाज में संघ की खुले दिल से स्वीकार्यता बढ़ती जा रही है। लोग संघ का कामकाज करने को तत्पर हैं। हर साल 14 साल से 40 साल तक के प्रतिभागी एक लाख से अधिक की तादाद में संघ के मूल प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेते हैं। बड़ी तादाद में युवा संघ में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में संघ 33,247 स्थानों पर कार्यालय चला रहा है। जबकि 53,182 नियमित शाखाएं लगती हैं। इसके अलावा, संघ की 10,557 स्थानों पर 15,620 साप्ताहिक बैठक केंद्र चलते हैं। पिछले साल जुलाई के मुकाबले हमारी 600 शाखाएं बढ़ी हैं जबकि और 400 अधिक स्थानों पर संघ की बैठक शुरू हो चुकी है।