प्रियंका गांधी बचपन की दोस्त 'रीटा' के निधन पर हुईं भावुक, बताया कैसी हुई थी दोस्ती
प्रियंका गांधी वाड्रा की बचपन की दोस्त और एशिया की सबसे उम्रदराज चिंपैंजी रीटा की मौत बुधवार को चिडि़याघर में हो गई। रीटा के निधन से प्रियंका काफी दुखी हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रियंका गांधी वाड्रा की बचपन की दोस्त और एशिया की सबसे उम्रदराज चिंपैंजी रीटा की मौत बुधवार को चिडि़याघर में हो गई। रीटा के निधन से प्रियंका काफी दुखी हैं। प्रियंका ने ट्वीट कर बताया कि रीटा से उनकी दोस्ती चिडि़याघर में हुई थी, जहां वह शेर से मिलने के लिए जाती थीं।
प्रियंका ने ट्वीट किया, 'जब मैं एक बच्ची थी, तो मेरे पिता(राजीव गांधी) को एक शेर उपहार में दिया गया था, जो चिड़ियाघर को उपहार में दिए जाने से पहले हमारे घर में थोड़े दिनों के लिए रुके था। इस शेर से मिलने के लिए हर दूसरे दिन में चिडि़याघर जाया करती थी। यहीं रीटा से मेरी दोस्ती हुई थी। वह सबसे सुंदर और बुद्धिमान प्राणी थी। ईश्वर उसकी आत्मा को शांति दे।'
बता दें कि रीटा का जन्म 16 दिसंबर 1960 में एम्स्टर्डम के चिड़ियाघर में हुआ था। इसके बाद उसे फरवरी 1964 में दिल्ली के चिड़ियाघर में लाया गया और यहीं उनका बाकी का जीवन गुजरा। हालांकि, इस बीच रीटा को एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जनवरी 1990 में पंजाब के छत्तबीर चिड़ियाघर भेजा गया था। बाद में 7 नवंबर 2006 रीटा को दोबारा दिल्ली लाया गया था। रीटा ने शुरू से अपना जीवन अकेले ही बिताया। पहले रीटा को साथी के रूप में मैक्स चिंपैंजी मिला, जिससे इसे तीन बच्चे हुए, लेकिन दुर्भाग्यवश तीनों बच्चे कुछ दिनों के अंतराल में मर गए।
चिड़ियाघर की इस वन्यजीव का आगामी 16 दिसंबर को 60वां जन्मदिवस था, जिसको लेकर प्रशासन ने तैयारी कर रखी थी। यदि रीटा 60 वर्ष की हो जाती तो चिड़ियाघर के इतिहास में इतना लंबा जीवन बिताने का एक नया अध्याय जुड़ जाता। रीटा का नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डस में भी दर्ज है।राष्ट्रीय चिड़ियाघर की इस शान के जाने के बाद चिड़ियाघर के कर्मियों में भी शोक है। इस शोक में प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हैं।