मिजोरम: चुनाव में गठबंधन पर राम माधव ने कहा- अकेले लड़ेंगे चुनाव
मिजोरम में इस साल के आखिर में चुनाव हो सकते हैं। भाजपा के नेता राम माधव ने चुनाव में गठबंधन पर कहा कि भाजपा अकेले मैदान फतह करेगी।
आइजोल। भारतीय जनता पार्टी के महासचिव राम माधव ने एलान किया है कि मिजोरम में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी, लेकिन समान विचारधारा वाले पार्टियों के साथ गठबंधन कर सकती है। राम माधव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया की भाजपा सभी 40 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
नेशनल फ्रंट भाजपा का प्रॉक्सी नहीं
राम माधव ने विपक्षी दलों द्वारा मिजो नेशनल फ्रंट को भाजपा का प्रॉक्सी बताये जाने को हास्यास्पद बताया। राम माधव ने कहा की भाजपा, मिजो नेशनल फ्रंट और नेशनल पीपुल्स पार्टी के खिलाफ चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी। हालांकि ये दोनों पार्टी NEDA (नार्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायन्स ) में भाजपा की सहयोगी हैं।
2016 में बना नेडा
2016 में भाजपा ने उत्तर पूर्व की क्षेत्रीय दलों को मिलाकर एक राजनीतिक फ्रंट NEDA (नार्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायन्स ) बनाया था। इसमें नागा पीपुल्स फ्रंट, सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल, असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट शामिल हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
राम माधव ने मिजोरम में पिछले दस साल से सत्ता में कांग्रेस की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तत्कालीन सरकार को अप्रभावी और भ्र्ष्टाचार में लिप्त बताया, मुख्यमंत्री लाल थनहवला की सरकार ने राज्य में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया है।
फोरलेन हाईवे से बढ़ेगा व्यापार
उन्होंने कहा की यदि मिजोरम में बीजेपी की सरकार बनती है तो राज्य में फोरलेन हाईवे बनाएगी, जो मिजोरम को सड़क मार्ग से बांग्लादेश और म्यांमार से जोड़ेगा। प्रस्तावित हाईवे मिजोरम की अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करेगा और व्यापार के लिए पूर्व-पश्चिम गलियारे खोल देगा। बीजेपी की सरकार बनने पर लंगली और चम्फाई जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। मिजोरम में इस साल के आखिर में चुनाव हो सकते हैं।