लोकसभा में दिखा विरोध के रंगों का इंद्रधनुष, विविधता दिखाने के लिए लिया रंगों का सहारा
हाल ही में उत्तर प्रदेश में भाजपा से दो लोकसभा सीटें झटकने वाली समाजवादी पार्टी के सांसदों ने लाल रंग की टोपी पहनी थी।
नई दिल्ली (पीटीआई)। लोकसभा में बजट सत्र के दौरान विपक्षी सांसद, विशेषकर दक्षिण भारत के सांसद हंगामा करते भले ही एक नजर आए हों, लेकिन एकता में विविधता दिखाने के लिए उन्होंने शुक्रवार को रंगों का सहारा लिया। इंद्रधनुषी रंगों के परिधानों में सांसदों ने ना सिर्फ अपनी पार्टी की पहचान बताई बल्कि यह भी जता दिया कि विरोध का तरीका भले ही एक हो लेकिन सबके कारण अलग-अलग हैं। निचले सदन में दक्षिण भारत के सांसदों ने रंग-बिरंगे स्टोल पहने थे। जबकि समाजवादी पार्टी के सभी नेता लाल रंग की टोपी में थे।
तेलंगाना राष्ट्र समिति के सदस्यों ने शुक्रवार को गुलाबी रंग के स्टोल पहने थे। जबकि तेलुगु देसम पार्टी (टीडीपी) के सांसदों ने पीले रंग के स्टोल कंधे पर डाले हुए थे। कावेरी नदी प्रबंधन बोर्ड तत्काल बनाने की मांग कर रहे अन्नाद्रमुक के सांसदों ने अपनी पार्टी का रंग यानी सफेद और लाल रंग की धारियों वाला स्टोल पहना था।
हाल ही में उत्तर प्रदेश में भाजपा से दो लोकसभा सीटें झटकने वाली समाजवादी पार्टी के सांसदों ने लाल रंग की टोपी पहनी थी। पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने भी लाल रंग की ही टोपी पहनी थी। पहली बार लोकसभा स्थगित होने के बाद दोपहर में फिर से सदन की कार्यवाही शुरू होने पर टीआरएस के सांसदों ने वेल में घुसकर तख्तियां दिखाईं। इन पर लिखा था-एक देश एक कानून। टीआरएस तेलंगाना में आरक्षण का कोटा बढ़ाने की मांग कर रही है। अन्नाद्रमुक सांसदों को भी तख्तियां लेकर प्रदर्शन करते देखा गया। इन पर लिखा था कि कावेरी प्रबंधन बोर्ड तत्काल बनाओ। कई मुद्दों पर विपक्षी दलों के लगातार हंगामा करने पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सनद को अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया।