'आज आपने दीपम रोका है, कल कहेंगे मंदिर बंद कर दो', रेल मंत्री ने तमिलनाडु सरकार और कांग्रेस को घेरा
वैष्णव ने दावा किया कि जहां भाजपा धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है और विकास के लिए काम करती है, वहीं विपक्ष संविधान से ऊपर परिवार की राजनीति को रखता है और विकास की अहम परियोजनाओं को रोकता है।

'आज आपने दीपम रोका है, कल कहेंगे मंदिर बंद कर दो'- रेल मंत्री (फोटो- पीटीआई)
HighLights
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तमिलनाडु सरकार और कांग्रेस को घेरा
रेल मंत्री बोले दीपम जलाने से रोककर लाखों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत की गईं
एएनआई, चेन्नई। संविधान दिवस पर गुरुवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दीपम विवाद को लेकर तमिलनाडु सरकार और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपम जलाने से रोककर लाखों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत की गईं।
वैष्णव ने दावा किया कि जहां भाजपा धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है और विकास के लिए काम करती है, वहीं विपक्ष संविधान से ऊपर परिवार की राजनीति को रखता है और विकास की अहम परियोजनाओं को रोकता है।
वैष्णव ने कहा- " आज आपने एक दीपम रोका है, कल कहेंगे कि कोई मंदिर नहीं जा सकता?" उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार देता है।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान से ऊपर परिवार को रखती है और उसके मूल्यों का पालन नहीं करती।
वैष्णव ने कहा कि उन्होंने राज्य के अधिकारियों को रेलवे स्टेशन के भीतर दीपम जलाने से रोकने की चुनौती भी दी और तंज कसते हुए कहा कि "वे वहां दमकल की गाड़ी खड़ी कर देंगे", क्योंकि वे स्थानीय संस्कृति का सम्मान नहीं करते।
मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने डॉ. बीआर आंबेडकर से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान और आंबेडकर को उचित महत्व नहीं दिया।
रेलवे विकास पर वैष्णव ने बताया कि तमिलनाडु के 77 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा हो चुका है और चेन्नई एगमोर स्टेशन पर काम जारी है। उन्होंने वंदे भारत सेवाओं के विस्तार का भी जिक्र किया।