Move to Jagran APP

बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूती देने का मंत्र देंगे राहुल, 1000 ऑटोरिक्शा करेंगे मुंबई में स्वागत

कांग्रेस बिलकुल भाजपाई शैली में खुद को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी कर रही है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Mon, 11 Jun 2018 09:20 PM (IST)Updated: Mon, 11 Jun 2018 10:00 PM (IST)
बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूती देने का मंत्र देंगे राहुल, 1000 ऑटोरिक्शा करेंगे मुंबई में स्वागत
बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूती देने का मंत्र देंगे राहुल, 1000 ऑटोरिक्शा करेंगे मुंबई में स्वागत

ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। कांग्रेस बिलकुल भाजपाई शैली में खुद को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी मुंबई कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

loksabha election banner

-मुंबई में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को मंगलवार को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

अब तक भाजपा ही वन बूथ-टेन यूथ जैसी तैयारियां कर मतदान के दौरान घर-घर से मतदाताओं को निकालने के लिए जानी जाती रही है। इस जमीनी मजबूती के कारण ही भाजपा अपने विरोधियों पर बढ़त बनाने में कामयाब रही है। अब कांग्रेस भी भाजपा की इस शैली का जवाब देने की तैयारी में है।

मंगलवार को राहुल गांधी मुंबई में करीब 15000 बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस संबंध में सोमवार को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। इस संबोधन को कांग्रेस के प्रोजेक्ट शक्ति का एक भाग बताया जा रहा है। इसका उद्देश्य पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं एवं केंद्रीय नेतृत्व के बीच संवाद कायम करना है। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष एक वीडियो भी जारी करेंगे, जिसमें वह यह कहते नजर आएंगे कि कार्यकर्ता पार्टी को शक्ति देते हैं और वे पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाते हैं।

मंगलवार सुबह मुंबई पहुंच रहे राहुल पहले तो खुद पर चल रहे मानहानि के मुकदमे की सुनवाई के लिए भिवंडी कोर्ट जाएंगे। दोपहर बाद वह मुंबई के गोरेगांव स्थित एनएसई ग्राउंड में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। राहुल की मुंबई यात्रा को जनोन्मुखी 'बनाने' और 'दिखाने' की पूरी तैयारी मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष ने कर रखी है।

2014 के लोकसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के एक बयान के जवाब में खुद को चायवाला प्रचारित कर पूरे देश के चाय विक्रेताओं की सहानुभूति अपने साथ करने में सफल रहे थे। अब कांग्रेस योजनाबद्ध तरीके से वैसे ही राहुल गांधी की जनता से जुड़े नेता की छवि बनाना चाहती है। इसके लिए मुंबई के 1000 ऑटोरिक्शा चालकों को राहुल गांधी के स्वागत के लिए तैयार किया गया है। ये ऑटोरिक्शा चालक जुलूस की शक्ल में कांग्रेस का झंडा लगे ऑटोरिक्शा के साथ राहुल गांधी का स्वागत करेंगे। इसके अलावा मुंबई महानगरपालिका में कांग्रेस के सभासदों को भी राहुल गांधी संबोधित करेंगे। ये सभासद ही मुंबई महानगर में जनप्रतिनिधियों की सबसे छोटी कड़ी माने जाते हैं।

बता दें कि जहां एक ओर सूबे को दो सत्ताधारी दल भाजपा और शिवसेना एक होते दिखाई नहीं दे रहे हैं, वहीं दोनों विपक्षी दलों कांग्रेस और राकांपा ने लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में गठजोड़ कर पूरी शक्ति से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। राहुल गांधी के दौरे को इसकी तैयारी की पहली सीढ़ी माना जा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.