कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में मजदूरों का शोषण नहीं किया जा सकता: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने कहा कि मजूदरों को असुरक्षित कार्यस्थलों पर काम करने की अनुमति देकर मूल सिद्धांतों पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि कई राज्य श्रम कानूनों में संशोधन कर रहे हैं, लेकिन नोवल कोरोनो वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में श्रमिकों का शोषण नहीं किया जा सकता है। ऐसाकरके उनकी आवाज दबाने और उनके मानवाधिकारों को कुचला नहीं जा सकता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मजूदरों को असुरक्षित कार्यस्थलों पर काम करने की अनुमति देकर मूल सिद्धांतों पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा, "कई राज्य श्रम कानूनों में संशोधन कर रहे हैं। हम एक साथ कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन इसकी आड़ में मानव अधिकारों को कुचलने, असुरक्षित कार्यस्थलों की अनुमति देना, श्रमिकों का शोषण और उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता है।" राहुल गांधी ने कहा कि इन बुनियादी सिद्धांतों पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी कहा कि आर्थिक पुनरुत्थान और प्रोत्साहन के नाम पर श्रम, भूमि और पर्यावरण नियमों को ढील देना करना खतरनाक और विनाशकारी हो सकता है।