'मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए, मेरे साथ बहस के लिए मना लीजिए', राहुल गांधी ने अमित शाह पर कसा तंज
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए। बस ...और पढ़ें

राहुल गांधी ने अमित शाह पर कसा तंज (फाइल फोटो)
HighLights
राहुल गांधी ने पोस्ट के साथ अमित शाह के दो क्लिप वाला एक वीडियो भी शेयर किया
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद को चलने नहीं देती
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाना बनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) यानी मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन पर खुली बहस के लिए मनाने की बात कही।
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि अमित शाह जी, मोदी जी को कन्फ्यूज मत कीजिए। बस उन्हें मेरे साथ खुली बहस के लिए मना लीजिए। कोई भी मंच, कोई भी समय। डरो मत।
उन्होंने इस पोस्ट के साथ अमित शाह के दो क्लिप वाला एक वीडियो भी शेयर किया। एक क्लिप में शाह संसद में एसआईआर पर बहस न होने की बात कहते नजर आते हैं, जबकि दूसरी में वे संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार दिखते हैं।
यह विवाद मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच सामने आया है। राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की चुनौती देते रहे हैं।
उन्होंने कहा था कि कोई भी मंच, कोई भी समय चुन लें, वे बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने मीडिया और युवाओं की मौजूदगी में बहस कराने और मोदी द्वारा चुने गए किसी भी व्यक्ति (यहां तक कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत) को मॉडरेटर बनाने का प्रस्ताव भी दिया था।
इससे पहले गुरुवार को हरियाणा के करनाल में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान अमित शाह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था कि संसद बहस का सर्वोच्च मंच है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद को चलने नहीं देती और विरोध प्रदर्शन व वॉकआउट को अपनी संस्कृति बना चुकी है। अमित शाह ने कहा कि सरकार एसआईआर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है।