COVID-19: महामारी से निपटने में केंद्र के दावे पर राहुल का सवाल, शेयर किया ये ग्राफ
पूरी दुनिया जिस महामारी से जूझ रही है उसमें भारत के बेहतर हालात का दावा करने वाले केंद्र सरकार पर कांग्रेस नेता ने एक ग्राफ ट्वीट कर सवाल उठाया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को केंद्र के उस दावे पर सवाल उठाया जिसमें कहा गया है कि कोविड-19 (COVID-19) महामारी से संग्राम में भारत की स्थिति बेहतर है। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, 'कोविड-19 से जूझने में भारत अच्छी स्थिति में है ?' इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक ग्राफ पोस्ट किया है जिसमें संक्रमण के मामलों का आंकड़ों का लेखा जोखा है।
ग्राफ में अमेरिका, भारत, दक्षिण कोरिया और न्यूजीलैंड में सात दिनों के कोरोना वायरस के औसतन मामले को प्रदर्शित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने रविवार को कहा था कि पूरी दुनिया कोविड-19 महामारी से लड़ने में भारत की भूमिका की सराहना कर रहा है। उन्होंने कहा, 'भारत सबसे अधिक आबादी वाले देशों में से एक है। हरकिसी ने यही सोचा कि भारत जैसा देश कोविड-19 से कैसे संघर्ष करेगा। लेकिन सारी दुनिया देखा कि कैसे कोविड-19 के खिलाफ सबसे सफल लड़ाई हमने लड़ी है। '
रविवार को हरियाणा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने दावा किया कि भारत ने कोरोना के खिलाफ सबसे सफल लड़ाई लड़ी है। उन्होंने महामारी तथा आतंकवाद के खिलाफ तन-मन से लड़ने वाले कोरोना वॉरियर्स सुरक्षाबलों को सलाम किया और कहा कि वे लोग आतंकवाद से भी लड़ना जानते हैं और लोगों की मदद करना भी जानते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में अभी 2 लाख 92 हजार 2 सौ 58 सक्रिय मामले हैं और 5 लाख 34 हजार 6 सौ 21 स्वस्थ हो चुके हैं। इससे देश में अब तक मरने वालों की संख्या 22 हजार 6 सौ 74 हो गई है। रविवार को संक्रमण का आंकड़ा देश में 8 लाख के पार चला गया। पिछले 24 घंटों में 551 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं संक्रमण के नए मामलों में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई।