विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rahul Gandhi Disqualified: कई जगहों पर भिड़े कांग्रेसी और भाजपा कार्यकर्ता, वायनाड में दिखा ऐसा नजारा

By AgencyEdited By: Piyush Kumar
Published: Fri, 24 Mar 2023 07:47 PM (IST)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद किए जाने के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के ...और पढ़ें

राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद होने के बाद कई जगहों पर कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुई
राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद होने के बाद कई जगहों पर कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुई

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अब पूर्व सासंद बन चुके हैं। शुक्रवार को लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म कर दी। सदस्यता रद हो जाने के बाद राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ चुकी है।

कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग भी काफी तेज हो चुकी है। वहीं, देश के कई राज्यों में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की भी खबरें सामने आईं हैं।

रायपुर में भिड़े कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज शाम युवा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और एक दूसरे पर पत्थरबाजी करने लगे।

वायनाड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

केरल के वायनाड में सांसद के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता को लेकर मनंथवाडी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कोलकाता में होगा सड़क और रेल जाम

वहीं, मध्य कोलकाता में एक विरोध सभा आयोजित करते हुए बंगाल कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि वह पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ शनिवार को रेल और सड़क जाम करेगी। अयोग्यता को भाजपा की बदले की राजनीति का एक उदाहरण बताते हुए राज्य कांग्रेस नेता आशुतोष चटर्जी ने जोर देकर कहा कि यह भगवा पार्टी की ओर से एक शर्मनाक कृत्य है।

चटर्जी ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा प्रतिशोध की राजनीति का सहारा ले रही है क्योंकि राहुल गांधी युवाओं और देश के दबे-कुचले लोगों के हित में मुद्दे उठा रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा गांधी के खिलाफ काम कर रही थी क्योंकि पार्टी ने अडानी के शेयरों के मुद्दे पर एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग की थी।

शनिवार को रेल और सड़क जाम करेंगे: कांग्रेस नेता

'भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस' लिखी तख्तियां लिए कांग्रेस नेता कौस्तव बागची ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता शनिवार को रेल और सड़क जाम करेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में सूरत की एक अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया।