सरकार किसानों और गरीबों की है, अगर कोई कांग्रेसी सीएम भूला तो उसे बदल देंगे- राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भोपाल में किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपकी शक्ति ने कांग्रेस को चुनाव जिताया, और आपकी शक्ति ने आपका कर्ज माफ किया।
भोपाल,जेएनएन। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भोपाल में किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपकी शक्ति ने कांग्रेस को चुनाव जिताया, और आपकी शक्ति ने आपका कर्ज माफ किया। राहुल ने कहा कि हमने हमने आपकी शक्ति को जोड़ने का, आपकी आवाज को सुनने का काम किया। कांग्रेस के मुख्यमंत्री को इस बात को नहीं भूलना चाहिए और वे अगर भूले तो नया सीएम आयेगा।
राहुल ने भाजपा पर साधा निशाना
किसानों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो उनकी सरकार गरीब वर्ग के हर एक व्यक्ति को न्यूनतम आय की गारंटी देगी। उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हरित क्रांति, सफेद क्रांति, भोजन का अधिकार, कम्प्यूटर लाई। उधर, मोदीजी किसानों को 17 रुपए प्रतिदिन देने की घोषणा पर खुद की तारीफ कर रहे हैं। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए राहुल ने कहा कि मध्यप्रदेश में 15 साल सिर्फ अधिकारियों के बल पर राज चला है। लेकिन हम जनता की सरकार चलाएंगे।
राहुल ने किसानों का जताया आभार
विधानसभा में मिली जीत का आभार जताने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जम्बूरी मैदान में किसानों को संबोधित किया। माना जा रहा है कि उन्होंने इसी के साथ लोकसभा चुनाव का शंखनाद भी कर दिया। प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस मेगा शो के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। राहुल की मौजूदगी में दिग्गज भाजपा नेता और पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई।