विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज देशभर में प्रदर्शन, इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष; जंतर-मंतर पर छावनी जैसी सुरक्षा

Published: Thu, 08 Oct 2026 05:30 AM (IST)

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दो दिन से चल रहे विरोध प्रदर्शन के बाद ...और पढ़ें

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज देशभर में प्रदर्शन

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज देशभर में प्रदर्शन

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग, आकाशवाणी भवन जंतर-मंतर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई

  2. सीजेपी भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी कर रही है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दो दिन से चल रहे विरोध प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस पार्टी ने आज देशभर में विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। साथ ही उन्होंने इसे पुलिस की कार्रवाई को लोकतंत्र के लिए काला दिन करार दिया है।

विपक्ष का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इसे वे वोट चोरी बता रहे हैं। विपक्षी दल इस प्रक्रिया को रद करने, हटाए गए नामों को बहाल करने और सीईसी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग, आकाशवाणी भवन और जंतर-मंतर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ा दी है। यातायात व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है। विपक्ष ने देशभर में प्रदर्शन का एलान किया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।

मंगलवार को संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकालने और आकाशवाणी भवन पर धरना देने के दौरान दिल्ली पुलिस ने करीब 260 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। इनमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत 10 सांसद शामिल थे। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।

बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा इंडिया गठबंधन के सांसदों के लिए आयोजित लंच के बाद राहुल गांधी ने कहा कि आज सभी विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर इकट्ठा होंगे। उन्होंने कहा कि हम जंतर-मंतर पर बैठकर देश को बताएंगे कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं। मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने देश की लोकतंत्र को नष्ट कर दिया है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा।

ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि कल सांसद चुनाव आयुक्तों, खासकर तीनों चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे। उन्होंने हमसे मिलने से इनकार कर दिया। दिल्ली पुलिस ने हमें रोक दिया और कहा कि हम वहां विरोध-प्रदर्शन नहीं कर सकते। आज हम तय विरोध स्थल जंतर-मंतर जाकर वहां बैठेंगे और देश को यह बताते का इरादा रखते हैं कि हमारे लिए ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं।