उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा को लेकर प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल
उन्नाव के चर्चित दुष्कर्म मामले की पीड़िता की कार रविवार को रायबरेली में एक ट्रक से टकरा गई जिसपर कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट कर हैरानी जताई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के साथ रविवार को हुए सड़क हादसे पर हैरानी जताते हुए मामले का संज्ञान लिया। सड़क दुर्घटना में घायल हुई पीड़िता को लेकर चिंता जताते हुए प्रियंका ने मामले की जांच पर भी सवाल उठाया। इसपर उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया।
#Unnao बलात्कार पीड़िता के साथ सड़कदुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है।
इस केस में चल रही CBI जाँच कहाँ तक पहुँची? आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं? पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों?
इन सवालों के जवाब बिना क्या भाजपा सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है?
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 29, 2019
उन्होंने अपने ट्वीट के जरिए कहा, ‘बलात्कार पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है। इस केस में चल रही CBI जांच कहां तक पहुंची? आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं? पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों? इन सवालों के जवाब बिना क्या भाजपा सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है?’
हादसे पर चकित प्रियंका ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा से न्याय की उम्मीद करें या नहीं क्योंकि पार्टी का विधायक कुलदीप सेंगर मामले में दोषी है। वहीं कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया है कि यह हादसा पीड़िता को मारने की साजिश थी। उन्होंने ट्वीट किया है कि ‘उन्नाव और यूपी पीड़त बेटी के लिए न्याय की गुहार लगा रहे लेकिन न्याय के बदले उसे मारने की साजिश की गई।‘ उन्होंने आगे कहा, ‘उसके पिता को पुलिस हिरासत में पहले ही मार दिया गया वहीं अब उसने अपने परिजनों को भी खो दिया है साथ ही अपनी जिंदगी के लिए भी जूझ रही है।’ ‘आदित्यनाथजी मेरे हत्यारे ही मेरे जज हैं। क्या वे मेरे पक्ष में निर्णय देंगे?’
उन्नाव के माखी के चर्चित दुष्कर्म मामले की पीड़िता की कार रविवार को रायबरेली में एक ट्रक से टकरा गई। इस सड़क हादसे में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता की चाची की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़िता समेत तीन लोग जख्मी हो गए, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया, जहां एक और महिला की मौत हो गई है। रविवार दिन में करीब एक बजे तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान लालगंज की ओर से जा रहे ट्रक यूपी 71 एटी 8300 और रायबरेली जा रही सफेद रंग की कार डीएल 1 सीएल 8642 में टक्कर हो गई।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप