INX Media Case: चिदंबरम को कांग्रेस नेताओं का साथ, राहुल ने कहा- सत्ता का दुरुपयोग कर रही सरकार
INX Media Case में फंसे पी चिदंबरम के समर्थन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी राहुल गांधी समेत पार्टी के तमाम नेता सामने आए हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। INX Media Case के कानूनी शिकंजे मेें फंसे पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम के बचाव में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के तमाम नेता सामने आए हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार चिदंबरम का चरित्र हनन कर रही है।
राहुल गांधी ने सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा है कि मोदी सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम का चरित्र हनन कर रही है। वहीं प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा हम सच्चाई के लिए लड़ाई जारी रखेंगे चाहे इसका जो भी नतीजा हो।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी चिदंबरम के बचाव में ट्वीट कर मोदी सरकार पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'मैं सत्ता के दुरुपयोग का विरोध करता हूं।' केंद्र पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, 'मोदी सरकार ईडी, सीबीआई व मीडिया के जरिए पी चिदंबरम के चरित्र का हनन कर रहा है।'
यह भी पढ़ें: चिदंबरम को क्यों आई जेल जाने की नौबत, 'स्कैम के पैसे से विदेशों खरीदी ये संपत्तियां'
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार बेहद शर्मनाक तरीके से चिदंबरम के पीछे पड़ी है क्योंकि वह बेहिचक सच बोलते हैं और सरकार की नाकामियों को सामने लाते हैं।
प्रियंका ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘बहुत ही योग्य व राज्यसभा के सम्मानित सदस्य पी चिदंबरम जी ने दशकों गृह मंत्री व वित्त मंत्री के तौर पर हमारे देश की पूरी इमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा की। उन्होंने बिना किसी झिझक के सच्चाई का साथ दिया है और सत्तारूढ़ सरकार की असफलताओं पर से पर्दा उठाया। लेकिन यही सच्चाई उनके लिए संकट बन गई है लेकिन हम उनके साथ हैं और सच्चाई के लिए संघर्ष करते रहेंगे चाहे जो भी परिणाम हो।'
पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला व आनंद शर्मा ने भी चिदंबरम का पक्ष लिया है। कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर वरिष्ठ नेता के लिए समर्थन की बात कही और आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को सच्चाई बोलने में सरकार रुकावट पैदा कर रही है। कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘पी चिदंबरम काफी योग्य और सम्मानित नेता हैं, उन्होंने देश के लिए पूरे त्याग और निष्ठा के साथ काम किया। हम उनके साथ हैं चाहे जो भी हो।‘ सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘भारत मोदी सरकार के द्वेषपूर्ण बदले को देख रहा है, भाजपा एक पुलिस स्टेट चला रही है। जज ने 7 महीने के लिए फैसला सुरक्षित रखा और रिटायरमेंट से 72 घंटे पहले इसे सुनाया। सीबीआई/ईडी को छापेमारी के लिए भेज दिया जाता है जैसे एक सम्मानित पूर्व वित्त मंत्री का पीछा किया जा रहा हो। बनाना रिपब्लिक?'
एक अन्य प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने उनका समर्थन किया और कहा कि अन्य पार्टियों के नेताओं के खिलाफ यदि केस होता है और वह भाजपा में शामिल हो जाता है तब मामले की जांच रोक दी जाती है।
विरोधी नेताओं को निशाना बना रही सरकार
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी पी चिदंबरम का बचाव किया और कहा कि चिदंबरम के साथ उन्होंने 1968 से काम किया है और प्रियंका गांधी ने जो कुछ भी उनके बारे में कहा है वो बिल्कुल सही है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने मंगलवार को चिदंबरम का समर्थन करते हुए मोदी सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि सरकार अपने विरोधी नेताओं को निशाना बना रही है और यह उसकी पारंपरिक कार्यशैली बन चुका है।
चिदंबरम की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
बता दें कि INX मीडिया केस में पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम की अग्रिम जमानत याचिका दिल्ली हाई कोर्ट में खारिज कर दी गई है। इसके बाद सीबीआई ने उनकी पेशी को लेकर दो घंटे का नोटिस जारी कर दिया। ईडी की टीम पी चिदंबरम के आवास पर पहुंची।
INX Media case: पी. चिदंबरम पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, थोड़ी देर बाद होगी SC में सुनवाई