प्रियंका गांधी ने सरकार के ola-uber वाले बयान पर क्रिकेट की इस वीडियो के जरिए बोला हमला, देखें
सीतारमण ने अपने बयान में कहा था कि आजकल लोग गाड़ी खरीदकर EMI भरने से ज्यादा Ola-Uber का इस्तेमाल या फिर Metro (मेट्रो) में सफर करना पसंद करते हैं।
नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को भाजपा की अगुवाई वाली सरकार और मंत्रियों द्वारा अर्थव्यवस्था को लेकर दिए जा रहे बयानों की आलोचना की। ट्वीट करते हुए, प्रियंका ने क्रिकेट की एक वीडियो को साथ में जोड़ा और लिखा कि अंत तक भी खेल में ध्यान रखना महत्वपूर्ण होता है।
प्रियंका गांधी ने कहा, 'सही कैच पकड़ने के लिए गेंद पर अंत तक नजर होना जरूरी और खेल की सही समझ होनी चाहिए।' उन्होंने अपने ट्वीट में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के आइंस्टीन और गुरुत्वाकर्षण के बयान के साथ-साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओला-उबर टिप्पणी का जिक्र किया।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अगर कोई खेल पर ध्यान केंद्रित नहीं करता है, तो दोष अन्य चीजों के अलावा gravity, गणित, ओला-उबर और इधर-उधर की बातों पर मढ़ते रहेंगे।
प्रिंयका गांधी का ट्वीट, 'सही कैच पकड़ने के लिए अंत तक गेंद पर नजर और खेल की सच्ची भावना होनी जरुरी है। वरना आप सारा दोष #gravity, गणित, ओला-उबर और इधर-उधर की बातों पर मढ़ते रहेंगे।' ट्वीट के जरिए प्रिंयका गांधी ने सरकार को सीख देते हुए लिखा, 'भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए जनहित में जारी'
सही कैच पकड़ने के लिए अंत तक गेंद पर नजर और खेल की सच्ची भावना होनी जरुरी है। वरना आप सारा दोष #gravity, गणित, ओला-उबर और इधर-उधर की बातों पर मढ़ते रहेंगे।
भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए जनहित में जारी। pic.twitter.com/3zqBnoIZYp
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) September 13, 2019
गुरुवार को केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल जब व्यापार मंडल की बैठक में भाग ले रहे थे, तो उन्होंने कहा, 'मैथ्स ने आइंस्टीन को गुरुत्वाकर्षण की खोज में मदद नहीं की।' बता दें कि पीयूष गोयल आर्थिक मंदी के आरोपों के खिलाफ सरकार का बचाव कर रहे थे।
वहीं, पिछले हफ्ते, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऑटो सेक्टर में आई मंदी के लिए ओला और उबर जैसी सवारी-साझा टैक्सी को जिम्मेदार ठहरा दिया था। सीतारमण ने अपने बयान में कहा था कि आजकल लोग गाड़ी खरीदकर EMI भरने से ज्यादा Ola-Uber का इस्तेमाल या फिर Metro (मेट्रो) में सफर करना पसंद करते हैं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने माना की ऑटो सेक्टर में गिरावट एक गंभीर परेशानी है।