यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रधानमंत्री ने कहा- मोदी आएगा और चला जाएगा, लेकिन देश अटल रहेगा
पीएम ने कहा कि मैंने मन की बात की शुरूआत करते समय ही तय किया था कि न इसमें राजनीति हो, न इसमें सरकार की वाहवाही हो।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पांच राज्यों में चुनावी बिगुल फूंका हुआ है। अयोध्या का मुद्दा गरम है। इस सब के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात को इससे पूरी तरह से दूर रखा। उन्होंने हर बात को राजनीतिक नजरिए से देखने-सोचने वालों को भी दो-टूक सीख दी और कहा कि मोदी आएगा और जाएगा, लेकिन देश अटल रहेगा। उनका सीधा इशारा राजनीति से हटकर भी कुछ करने को लेकर था। उन्होंने यह भी साफ किया कि मन की बात सरकारी बात नहीं है -यह समाज और महत्वाकांक्षी भारत की बात है।
भारत का मूल प्राण राजनीति नहीं
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार मन की बात के 50वें एपीसोड़ में एक सवाल के जवाब में बोलते हुए कहा कि भारत की मूल-प्राण राजनीति नहीं है। भारत का मूल प्राण राज-शक्ति भी नहीं है। भारत का मूल-प्राण समाज-नीति है और समाज शक्ति है। समाज में जीवन के हजारों पहलू होते है, उनमें एक राजनीति भी है। राजनीति सब कुछ हो जाए, यह स्वस्थ समाज के लिए एक अच्छी व्यवस्था नहीं है।
कभी-कभी राजनीतिक घटनाएं और राजनीतिक लोग इतने हावी हो जाते हैं कि समाज की अन्य प्रतिमाएं और अन्य पुरूषार्थ दब जाते हैं, लेकिन भारत जैसे देश के उज्जवल भविष्य के लिए जन सामान्य की प्रतिमाएं और पुरुषार्थ को उचित स्थान मिले, यह हम सबका एक सामूहिक दायित्व है।
पीएम मोदी ने इस दौरान युवाओं की भी खूब तारीफ की और कहा कि आज के युवाओं में यह खूबी है कि वे ऐसा कुछ भी नहीं करेंगे जिस पर स्वयं उन्हें विश्वास न हो, लेकिन जब वो किसी चीज पर विश्वास करते हैं तो फिर उसके लिए सब कुछ छोड़कर उसके पीछे लग जाते हैं।
उन्होंने परिवारों में बड़े और छोटों के बीच खुले मन से होने वाली चर्चा में आने वाली कमी को लेकर चिंता जताई और कहा कि अब यह चर्चा सिर्फ पढाई, आदतों या फिर ऐसा करने या न ऐसा न करते तक ही सीमित होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते है कि युवाओं में धैर्य नहीं होता, लेकिन मेरा मानना है कि युवाओं के पास बर्बाद करने के लिए समय नहीं है।
पीएम मोदी ने अक्टूबर 2014 में शुरु किए गए मन की बात का जिक्र करते हुए कहा कि कभी-कभी मन की बात का मजाक भी उड़ता है, लेकिन मेरे मन में हमेशा ही 130 करोड़ देशवासी बसे रहते है। उनका मन मेरा मन है। उन्होंने इस दौरान स्वच्छता और सेल्फी विद-डॉटर के उदाहरण भी दिए और कहा कि कैसे मन की बात पर हुई यह चर्चा पूरे देश में फैल गई।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी संस्कृति अमर रहेगी। मन की बात में सामने आई 130 करोड़ देशवासियों की छोटी-छोटी ये कहानियां हमेशा जीवित रहेंगी।
एक सवाल के जवाब में पीएम ने कहा कि मैंने मन की बात की शुरूआत करते समय ही तय किया था कि न इसमें राजनीति हो, न इसमें सरकार की वाहवाही हो और न इसमें कहीं मोदी हो। मेरे इस संकल्प को निभाने के लिए सबसे बड़ा संबल और सबसे बड़ी प्रेरणा आप सबसे से मिली। पीएम मोदी ने इस दौरान परमाणु परीक्षण और हिमाचल यात्रा से जुड़ा एक प्रसंग भी साझा किया।