Move to Jagran APP

President Election 2022: द्रौपदी मुर्मू के बढ़ते समर्थन के बीच वोटों के फासले घटाना बनी यशवंत सिन्हा की चुनौती, आप ने नहीं खोले पत्‍ते

President Election 2022 विपक्षी दलों के पास अब केवल सात राज्यों छत्तीसगढ झारखंड राजस्थान पश्चिम बंगाल केरल तमिलनाडु और तेलंगाना में ही सत्ता है। ओडि़शा आंध्रप्रदेश पंजाब और दिल्ली की सत्तारुढ पार्टियां सत्तापक्ष या विपक्ष की खेमेबंदी का हिस्सा नहीं हैं।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Sat, 02 Jul 2022 07:39 PM (IST)Updated: Sun, 03 Jul 2022 06:38 AM (IST)
President Election 2022: द्रौपदी मुर्मू के बढ़ते समर्थन के बीच वोटों के फासले घटाना बनी यशवंत सिन्हा की चुनौती, आप ने नहीं खोले पत्‍ते
राष्ट्रपति पद के उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू और यशवंत सिन्हा।

संजय मिश्र, नई दिल्ली। सत्ता पक्ष और विपक्षी खेमे की धुरी से अलग अपनी सियासी राह पर चलने वाले कई अहम क्षेत्रीय दलों ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपना पत्ता खोल दिया है और जो चुप हैं माना जा रहा है कि उनका पलड़ा शायद एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की ओर झुकेगा। ऐसे में विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के लिए अब लड़ाई जीत की नहीं बल्कि वोटों का अंतर कम करने की है। एनडीए से बाहर होने के बावजूद अकाली दल ने मुर्मू के पक्ष में वोट करने का एलान कर सिन्हा की चुनौती और बढ़ा दी है।

loksabha election banner

19 राज्यों में भाजपा व सहयोगियों को बढ़त, विपक्ष के पास केवल सात राज्य

विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के लिए महाराष्ट्र का राजनीतिक घटनाक्रम और सत्ता परिवर्तन भी झटका देने वाला है क्योंकि शिवसेना के बागियों समेत करीब 50 विधायकों का वोट जो उन्हें मिलता अब वह मुर्मू के खाते में जाएगा। महाराष्ट्र के एक विधायक के वोट की वैल्यू 175 है और इस हिसाब से सिन्हा के खाते में जाने वाला करीब 8750 वोट मुर्मू को चला जाएगा। राष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा के 543 व राज्यसभा के 233 सांसदों के कुल मत का वैल्यू 5,43,200 है। एक सांसद के वोट का वैल्यू 700 है। जबकि सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं के कुल 4033 विधायकों के मतों का कुल वैल्यू 5,43,231 है।

इस तरह राष्ट्रपति चुनाव में सांसदों और विधायकों के कुल मतों की संख्या 10,86,431 है, जिसमें द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में एनडीए के साथ आए दलों के वोटों को जोड़ दिया जाए तो यह आंकड़ा साढ़े छह लाख को पार कर चुका है। विपक्षी खेमे के एक अन्य झामुमो ने राजग को संदेश दे दिया है कि उसका वोट द्रौपदी मुर्मू को है। जबकि झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई कांग्रेसी विधायक भी असमंजस में हैं कि वोट किसे दें। ध्यान रहे कि राष्ट्रपति चुनाव में व्हिप नहीं होता है। राज्यों में पक्ष और विपक्ष के बीच वोटों के अंतर का फासला इसी से लगाया जा सकता है कि महाराष्ट्र की सत्ता पर कब्जा करने के बाद भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 19 राज्यों में सरकार व बहुमत है।

विपक्षी दलों के पास अब केवल सात राज्यों छत्तीसगढ, झारखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना में ही सत्ता है। ओडि़शा, आंध्रप्रदेश, पंजाब और दिल्ली की सत्तारुढ पार्टियां सत्तापक्ष या विपक्ष की खेमेबंदी का हिस्सा नहीं हैं। ओडिशा की सत्तारूढ़ बीजेडी और आंध्रप्रदेश की सत्ता में काबिज वाइएसआर कांग्रेस ने तो मुर्मू के नामांकन के मौके पर ही अपने प्रतिनिधि को भेज तस्वीर साफ कर दी थी। दिल्ली व पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने अभी तक राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं, मगर यह भी रोचक है कि राष्ट्रपति चुनाव के सिलसिले में हुई विपक्षी दलों की बैठक में आप शामिल नहीं हुई थी। ऐसे में आप के मुर्मू के पक्ष में आने की संभावनाओं को नकारा नहीं जा रहा है।

सबसे ज्यादा वोट हासिल करने के मीरा कुमार का रिकार्ड छूना सिन्हा के लिए नहीं रहा आसान

विपक्षी खेमे में आने वाले संभावित वोटों के भी सियासी वजहों से एनडीए उम्मीदवार के खाते में जाने की इस रफ्तार को देखते हुए सिन्हा के लिए 2017 के राष्ट्रपति चुनाव में मीरा कुमार के बनाए रिकार्ड को पार करना आसान नहीं होगा। मीरा कुमार को इस चुनाव में 3,67,314 वोट मिला जो राष्ट्रपति चुनाव में शिकस्त खाने के बावजूद अब तक का सबसे अधिक वोट हासिल करने का रिकार्ड है। जबकि राष्ट्रपति चुने गए रामनाथ कोविंद को 7,02,044 वोट हासिल हुए और वे बड़े अंतर से जीतने में कामयाब रहे। बहरहाल मौजूदा राष्ट्रपति चुनाव में राजनीतिक पार्टियों के रुख और संकेतों को देखते हुए सिन्हा के लिए मूर्मू के साथ वोटों के बढ़ते फासले को कम करना अब मुश्किल होता जा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.