Move to Jagran APP

Balbir Singh senior death: राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं ने जताया दुख

हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी पदमश्री बलबीर सिंह सीनियर का आज सुबह मोहाली में निधन हो गया। खेल जगत से जुड़े लोगों से लेकर राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

By TaniskEdited By: Published: Mon, 25 May 2020 12:12 PM (IST)Updated: Mon, 25 May 2020 01:11 PM (IST)
Balbir Singh senior death: राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं ने जताया दुख

नई दिल्ली, जेएनएन। हॉकी के  दिग्गज खिलाड़ी पदमश्री बलबीर सिंह सीनियर का आज सुबह मोहाली में निधन हो गया। सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत के चलते वह 8 मई को अस्पताल में भर्ती हुए थे। आज सुबह 6.17 बजे उनका देहांत हो गया था। उनकी उम्र 96 साल थी। बलबीर सिंह सीनियर दुनियाभर में गोल मशीन के नाम से मशहूर थे। उनके शानदार प्रदर्शन के बदौलत भारत ने हॉकी में लंदन ओलंपिक (1948), हेल्सिंकी ओलंपिक (1952) और मेलबोर्न ओलंपिक (1956) में गोल्ड मेडल जीता था। उनकी मृत्यु की खबर सुनकर देशभर में शोक का माहौल है। खेल जगत से जुड़े लोगों से लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी और खेल मंत्री किरण रिजिजू समेत अन्य  राजनेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

loksabha election banner

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, 'हॉकी के दिग्गज श्री बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर काफी दुख हुआ। वह  पद्म श्री से सम्मानित, ओलंपिक में तीन बार गोल्ड जीतने वाले और भारत के महानतम एथलीटों में से एक थे। उनकी विरासत  भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।  उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।'

पीएम मोदी ने जताया दुख

पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा, 'पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर जी को उनके यादगार खेल प्रदर्शनों के लिए याद किया जाएगा। निस्संदेह वह एक शानदार हॉकी खिलाड़ी थे, उन्होंने एक महान संरक्षक के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। उनके निधन से काफी पीड़ा हुई। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना।'

केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने दी श्रद्धांजलि 

केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा, ' भारत के दिग्गज हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन से गहरा दुख हुआ। वह 1948 लंदन, 1952 हेलसिंकी और 1956 मेलबर्न ओलंपिक में भारत की स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के हिस्सा थे। मैं अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।

गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा , 'पद्मश्री बलबीर सिंह सीनियर जी, एक प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी थे। उनके निधन के बारे में जानकर काफी दुख हुआ। उन्होंने अपनी हॉकी स्टीक से विश्व हॉकी में अमिट छाप छोड़ी। मैं भाग्यशाली था कि मैं तीन बार ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बलबीर जी से मिला। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। 

 

कांग्रेस पार्टी ने जताया दुख

कांग्रेस पार्टी ने आधिकारीक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके कहा,' हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर का निधन की खबर बेहद दुखदायी है। वह तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण विजेता थे, जो खेल जगत में पद्म श्री से सम्मानित होने वाले पहले व्यक्ति बने। हमारे विचार और प्रार्थना उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.