PM मोदी अगले सप्ताह रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएंगे
पीएम मोदी अगले सप्ताह 23-27 जुलाई के बीच रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर होंगे।
नई दिल्ली (प्रेट्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह 23-27 जुलाई तक के लिए रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने इस बात की घोषणा की। प्रधानमंत्री इस विदेश दौरे में पहली बार दो दिनों के लिए रवांडा जाएंगे। वे दक्षिण अफ्रीका में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।
विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक मामलों) टीएस तिरुमूर्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद की है। तिरुमूर्ती ने कहा कि पीएम इसके बाद 24-25 जुलाई को युगांडा के दौरे पर होंगे, जहां वे प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता के अलावा युगांडा संसद को भी संबोधित करेंगे।
अपनी यात्रा के अंतिम चरण में, मोदी दक्षिण अफ्रीका जाएंगे जहां वह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, इस दौरान अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बता दें कि ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।