Move to Jagran APP

पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस तथा भाजपा विरोधी नेताओं के भाषण पर पाकिस्तान में बजती हैं तालियां

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस रक्षा सौदों के लेकर इसलिए भड़की है क्योंकि उसमें क्वात्रोची मामा या फिर क्रिश्चेन मिशेल अंकल नहीं है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sun, 16 Dec 2018 08:59 AM (IST)Updated: Sun, 16 Dec 2018 01:21 PM (IST)
पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस तथा भाजपा विरोधी नेताओं के भाषण पर पाकिस्तान में बजती हैं तालियां
पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस तथा भाजपा विरोधी नेताओं के भाषण पर पाकिस्तान में बजती हैं तालियां

रायबरेली, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र के पहले दौरे में ही आज रायबरेली को 1100 करोड़ की सौगात देने के साथ पहले की सरकारों पर निशाना साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी को निशाने पर रखा। 

loksabha election banner

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के साथ ही भाजपा का विरोध करने वाली पार्टियों पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस रक्षा सौदों के लेकर इसलिए भड़की है क्योंकि उसमें 'क्वात्रोची मामा' या फिर क्रिश्चेन मिशेल अंकल' नहीं है। उन्होंने कहा कि भाइयों-बहनों देश में स्वतंत्रता के बाद से ही कुछ लोगों का शासन रहा है। कोई किसी का मामा, रिश्तेदार सेंध लगाते रहे हैं। अब सब रुक गया है तो फिर दर्द होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि भाजपा विरोधी के साथ कांग्रेस के लोग देश को कमजोर करने वालों के साथ हैं। क्या कारण हैं कि भाजपा के खिलाफ यहां के नेता भाषण देते हैं और ताली पाकिस्तान में बजती है।

आज कांग्रेस व विरोधी उनके साथ खड़े हैं जो देश को कमजोर करना चाहते हैं। आप बताइए देश को सेना ताकतवर होनी चाहिए या नही। पीएम मोदी ने कहा कि आज दो पक्ष हैं, एक पक्ष सरकार सच्चाई का है, एक पक्ष देश को कमजोर कर रहा है। यह सब लोग मोदी पर वो किसी भी तरह एक दाग लगा देना चाहते हैं, मैं सब जानता हूँ, मगर इसके लिए देश की सुरक्षा के साथ क्यों खिलवाड़ कर रहे है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा एक ही मंत्र है। इसी मंत्र पर केंद्र के साथ ही उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार भी काम कर रही है। हम तो देश के सामान्य से सामान्य नागरिक के जीवन में हम परिवर्तन ला रहे हैं। रायबरेली में ही दो लाख महिलाओ को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए। सरकार चाहे केंद्र की हो या योगी जी की हमारा एक ही मंत्र है, सबका साथ सबका विकास। कांग्रेस इनको दबा रही है, कांग्रेस की साजिश को हमारी सरकार अब घर घर जाकर पहुंचाएगी। 

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के किसानों के साथ बड़ा धोखा किया है। कर्नाटक में सैकड़ों किसानों के वारंट निकल रहे हैं। कांग्रेस ने कर्ज माफी पर झूठे वादे किए। सौ रुपये में डेढ़ रूपये ज्यादा से ज्यादा पांच  रूपये का प्रीमियम लिया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से सरकार में किसानों की सारी समस्याओं को दूर किया। किसके दबाव में कांग्रेस ने यूरिया का शत प्रतिशत नीम कोटिंग किया। इस एक फैसले से हमारे देश के किसानों को 60 हजार करोड़ का फायदा होगा। खरीफ व रबी की 22 फसलों पर एमएसपी लागू किया गया। इनका जवाब कांग्रेस कभी नही देगी। किसके दबाव में एमएसपी को दाब दिया। कांग्रेस ने स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों को क्यों लागू नहीं किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम किसानों का संकट दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। पहली बार 70 वर्ष में हमारी सरकार ने किसानों के लिए नीतियां बनाकर लागू किया। कांग्रेस के राज में किसी की कोई परवाह नहीं की।

वन रैंक वन पेंशन हमने लागू की। जिस पार्टी के लोग सेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर उंगली उठाते हैं, उनसे क्या उम्मीद करें। जिस पार्टी के लोग हमारे सेनाध्यक्ष को गुंडा कहते है और गुंडा को पार्टी में ऊंचे पद पर बैठाए हैं उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं। जब ईमानदारी से सौदे होते हैं तो कांग्रेस बौखला जाती है। एचएएल को 1400 करोड़ की मंजूरी दी गयी। हमने 2016 में 83 नए तेजस विमान खरीदने की स्वीकृति दी। इसे तेज करने की कोशिश नही हुई। इस साल अप्रैल में भारत की कंपनी एक लाख 16 हजार बुलेटप्रूफ जैकेट बना रही है। सरकार ने ऑर्डर दे दिया। हमने 2014 में सरकार बनने के बाद 2016 जैकेट दिए। हमारी सेना की सुरक्षा के प्रति कांग्रेस से 2009 में भारतीय सेना ने लाखों बुलेटप्रूफ जैकेट मांगे मगर 2014 तक नही खरीदा। सेना के लिए मैं कड़ें से कड़े फैसले लेने में पीछे नही हटूंगा। उन माताओं बहनों, बच्चों का मैं जवाबदार हूँ जिंनके घरवाले सेना में हैं। जान की बाजी लगाने वाले सैनिकों को कोई दिक्कत नहीं होने दूंगा। हम पूरा प्रयास कर रहे हैं कि भारत को सेनाएं किसी से कम न हों। जब देश की सुरक्षा की बात हो, सेना की बात हो, तब एनडीए सरकार सिर्फ राष्ट्रहित का ध्यान रखती है। जो सौदा भाजपा सरकार सुरक्षा के लिए कर रही है, उसमे कोई दाग नहीं है। इस घोटाले में कांग्रेस ने अपना वकील बचाने को भेज दिया। कांग्रेस सरकार के क्वात्रोची मामा बोफोर्स घोटाले वाले को देश माफ नहीं करेगा। करगिल युद्ध के बाद वायुसेना को मजबूत करने को जरूरत थी मगर कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। सेना के प्रति कांग्रेस सरकार का रवैया क्या रहा इसके लिए देश उन्हें माफ नही करेगा। हमारे लिए दल से बड़ा देश है और जीवन पर्यंत रहेगा। झूठ बोलने वालों पर सत्य बोलने वालों की विजय होती है। सच को श्रृंगार की जरूरत नहीं होती, झूठ चाहे जितना बोलो इसमें जान नहीं होती। इन लोगों के लिए हमारी सेना झूठी हैं, हमारी सेना की रक्षा मंत्री झूठी हैं, हमारे वायु सेना के अफसर भी झूठे हैं। झूठ की पंक्तियों को कुछ लोगों ने जीवन का मूल मंत्र बना लिया है। कांग्रेस के समय तेजस विमान से जुड़ी हर कड़ी को कमजोर किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पापों को बताने के लिए पूरा सपताह कम पड़ जायेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि जिस भारत मां के नारों से गौरव होता है कुछ लोग इस जयघोष पर शर्मिंदगी महसूस करते हैं। मैं तो सेना के शौर्य समर्पण के प्रति प्रहरियों का गौरव गान करके नमन करता हूँ। युद्ध में शामिल हर सैनिक को मैं नमन करता हूँ। 1971 में आज के ही दिन भारत की सेना ने अराजकता व आतंक को धूल चटाई थी। देश के इतिहास में आज का दिन एक और वजह से विशेष है। आपलोग बताइए कि देश की सेना मजबूत होनी चाहिए कि नहीं। उन्होंने कहा कांग्रेस को उसमें भी दिक्कत है। रामचरितमानस में एक चौपाई है झूठै लेना झूठे देना झूठै भोजन झूठ चबेना। आज कुछ लोगों को सत्य हजम नहीं हो पा रहा है। भारत आज सबसे बड़ा देश है। आज जब मैं देश के सपने देखता हूँ। भाजपा पार्टी राष्ट्रहित में सोचती है। इसके लिए हमको कड़े से कड़े फैसले लेने में भी कोई हिचक नहीं है। उन्होंने कहा अगले वर्ष तक देश के सैनिकों को बड़ी संख्या में बुलेटप्रूफ जैकेट प्रदान की जाएगी। पीएम मोदी ने कहा कि देश को यह भी जानकारी देना चाहता हूं कि सेना के जवानों के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट भी देश की कंपनी बना रही है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा किआप सोचिए 2007 में स्वीकृत हुई रेल कोच 2010 में फैक्ट्री बनकर तैयार हो गयी। इसके बाद भी उत्पादन शून्य था। इससे पता चलता है कि पहले की सरकारों ने देश के संसाधनों के साथ अन्याय किया। इसकी गवाही रेल कोच फैक्ट्री दे रही है। अब जिस गति से काम हो रहा है वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यहां मंच पर आने से पहले रेल कोच मॉडर्न फैक्ट्री में था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब आने वाले समय में यहां से 5000 कोच प्रतिवर्ष बनाए जाएंगे।

अभी तो प्रतिवर्ष तीन हजार कोच बनेंगे। मैं चाहूंगा अगले वर्ष दो गुना डिब्बे बनें। उन्होंने कहा कि यह हमारी सरकार के काम का नतीजा है कि बीते वर्ष 711 कोच बने। रायबरेली के नौ जवान बहुत अच्छे हैं। यहां के लोगों को यहां काम मिले, हम इसके प्रयास में लगे हैं। भाइयों बहनों मैं छोटा सोचने की आदत नहीं रखता। भाजपा सरकार में नई मशीन लगाई जा रही हैं। हमारी सरकार आने के तीन महीने के भीतर ऐसा कोच निकला जो पूरी तरह रायबरेली रेल कोच में बना हुआ था। हालत ये थी कि 2014 तक यहां की तीन प्रतिशत मशीन काम कर रही थे। चार साल तक इस फैक्ट्री में कपूरथला से लाकर पेंच कस रहे थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज रायबरेली में 1100 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया है। मैं तो रायबरेली के लोगों व भूमि को नमन करता हूं। इसी भूमि पर पण्डित अमोल शर्मा हुए। यह तो बीरा पासी, राणा बेनी माधव के बलिदान की भूमि है। आज मैं उस भूमि पर हूँ जिसने साहित्य, राजनीति सहित सबको दिशा दिखाई है। इस भूमि के साथ न्याय नहीं किया गया। प्रधानमंत्री ने रायबरेली में कोच फ़ैक्टरी में उत्पादित 900वें रेल डिब्बे व हमसफर रेक को हरी झंडी दिखा कर देश को समर्पित किया। 

एल्युमिनियम के हल्के कोच बनाकर देश दुनिया की सबसे बड़ी फैक्ट्री बनाना हमारा लक्ष्य है। रेलवे, हाइवे, एयरवे और मोटरवे आदि के लिए दिन रात काम हो रहा है। थोड़ी देर पहले ही बांदा तक जाने वाली सड़क का उद्घाटन किया है। रायबरेली भी स्वस्थ रहे और अपने आसपासो के लोगों को स्वस्थ्य रखें इस नाते मेडिकल कालेज समेत कई योजना दी गई है। हमारे पीएम आवास लोगों की खुशहाली पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि आज के दिन देश के वीर सपूतों ने वलिदान दिया था। उनके सम्मान में जयकारे लगवाए।

रायबरेली व अमेठी का वास्तविक विकास 2014 के बाद से हुआ : योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ ने कहा रायबरेली का वास्तविक विकास 2014 के बाद से ही हुआहै। प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भेदभाव के देश के साथ प्रदेश के हर जिले तथा गांव के विकास के बारे में योजना बनाकर उसका क्रियान्वयन किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अभी तक रायबरेली विकास के लिए तड़प रहा था। यहां 2014 के बाद से तेजी से विकास के नए आयाम गढ़े जा रहे हैं। यहां पर जुलाई में एम्स शुरू हुआ। सौभाग्य योजना में बिजली 1345 गांव पहुंचाई गई। केंद्र सरकार ने अमेठी और रायबरेली में भी पूरी ईमानदारी से काम किया है। कोई भेदभाव नहीं किया है। पहले की सरकारों ने कभी भी ईमानदारी से कार्य नहीं किया।

उन्होंने कहा कि रायबरेली में डेढ़ वर्ष में 23430 पीएम आवास बनाये गए है। आठ लाख 85 हजार पीएम आवास उत्तर प्रदेश में बन चुके हैं। पीएम आवास योजना ने मील का पत्थर स्थापित किया। स्वच्छ भारत मिशन में रायबरेली में 311858 तथा अमेठी में 214974 इज्जत घर बनाए गए हैं। हम अमेठी में 934 गांव के 5239 मजरों में विद्युतीकरण का कार्य कर रहे हैं।

 रायबरेली में 7013 मजरों में विद्युतीकरण कर नि:शुल्क कनेक्शन दिये गए। रायबरेली के 3500 गांव सौर ऊर्जा से युक्त किये गए। सूबे के वीवीआइपी जनपद में सौभाग्य योजना में 1547 गाँव में विद्युतीकरण किया गया। सौभाग्य योजना से प्रत्येक घर में बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले जाति के आधार पर लोगों ने बांटने का काम किया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा रायबरेली की रेल फैक्ट्री नौजवानों को नौकरी दे रही है साथ ही मेक इन इंडिया के स्वरूप को भी साकार कर रही है। रायबरेली विकास के लिए तड़प रहा था। वहां 2014 के बाद से विकास के नए आयाम गढ़े जा रहे हैं।  जुलाई में एम्स शुरू हुआ। सौभाग्य योजना में बिजली 1345 गांव पहुंचाई गई। उन्होंने, राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक एमएलसी आदि का नाम लेकर उदबोधन शुरू किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायबरेली को 1100 करोड़ का तोहफा देने के साथ मार्डन रेल कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया। उन्होंने हमसफर एक्सप्रेस के 900वें मार्डन कोच का भी शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने हमसफर एक्सप्रेस के 900वें कोच को राष्ट्र को समर्पित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे मार्डन कोच फैक्ट्री का रुख किया। उन्होंने कोच फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इसके बाद यहां पर दो हजार रेल डिब्बों की उत्पादन क्षमता के लिए विस्तारीकरण कार्य का शुभारंभ करने के साथ कोच फैक्ट्री के इस वित्तीय वर्ष में उत्पादित 900वें रेल डिब्बे व हमसफर रैक को राष्ट्र को समर्पित किया। उनके साथ रेल मंत्री पीयूष गोयल भी हैं। 

रायबरेली में उनका पहला हेलीकॉप्टर 10.20, दूसरा 10:22 पर तथा तीसरा 10.23 पर रेल कोच के कारखाना परिसर में बने हेलीपैड पर पहुंचा। वहां पर उनकी अगवानी तथा स्वागत किया गया। उधर सभा स्थल पर जाने के लिए यहां पर जनसैलाब उमड़ा है। पांडाल के सभी प्रवेश द्वारों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण उत्साहित कार्यकर्ताओं और सतर्क सुरक्षाकर्मियों के बीच कई बार तकरार भी हुई। सुरक्षा बलों ने काली जैकेट पहने लोगो को वापस लौटाया।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी कुर्सी संभालने के बाद आज पहली बार कांग्रेस के सनातन गढ़ रायबरेली में चुनावी शंखनाद करेंगे। पीएम मोदी के साथ यहां पर आधा दर्जन केंद्रीय मंत्री के साथ उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक व सीएम योगी आदित्यनाथ भी है।

सोनिया गांधी और उनसे पहले नेहरू-गांधी परिवार का राजनीतिक दुर्ग रायबरेली का पीएम नरेंद्र मोदी का यह पहला दौरा होगा। पीएम नरेंद्र मोदी रायबरेली को लगभग 1100 करोड़ रुपये की सौगात देंगे। 



कांग्रेस का गढ़ रायबरेली को माना जाता रहा है। बीते साढ़े चार सालों में भाजपा ने इसे दरकाने की हर कोशिश की। उसे हल्की सफलता भी मिली। छह महीने पूर्व गांधी परिवार के करीबी कुनबे को साथ जोडऩे में सफल हुई। भाजपा अब आक्रामक मुद्रा में है। प्रदेश की सत्ता भी इस जिले पर पैनी निगाह रखे है। पांच राज्यों के आशा विपरीत चुनाव परिणाम के बाद पीएम जनसभा में जब बोलेंगे, तो कांग्रेस ही उनके निशाने पर होगी।प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा राजनीति के लिहाज से भी बहुत अहम है।

प्रदेश की इस लोकसभा सीट को गांधी परिवार और कांग्रेस का गढ़ कहा जाता है। यहां की सांसद यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं और कभी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी इस क्षेत्र से चुनाव लड़ चुकी हैं। यहां की ही जनता ने एक बार इंदिरा गांधी को हरा भी दिया था। उसके बाद से सिर्फ दो बार ही यह सीट कांग्रेस के खाते में नहीं आई। प्रधानमंत्री का यहां आना महत्वपूर्ण है। इससे यह संदेश जाएगा कि भारत उसके कारखानों में तैयार डिब्बों के निर्यात के लिए प्रतिस्पर्धी बाजार में उतर रहा है। उनका यह दौरा इस लिहाज से काफी अहम है कि भारत की उच्च गुणवत्ता के रेल डिब्बों के विनिर्माण और निर्यात बाजार पर नजर है। रेलवे ने कुछ महीने पहले ही प्रस्ताव दिया था कि वह ऐसे देशों के लिए बुलेट ट्रेन के डिब्बे बनाने और निर्यात करने को इच्छुक है, जो तेज रफ्तार गलियारे का निर्माण कर रहे हैं। कारखाने को लेकर पहले ही कई देश अपनी रूचि दिखा चुके हैं। कोरिया, जापान, जर्मनी, चीन और ताइवान के अधिकारी कारखाने का दौरा कर चुके हैं। रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि कई देश कम उत्पादन लागत की वजह से भारत का इस्तेमाल विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में कर सकते हैं। माडर्न कोच फैक्टरी (एमसीएफ)में पहली बार पूरे डिब्बे का विनिर्माण रोबोट ने किया है। एक किलोमीटर लंबी उत्पादन लाइन में रोबोट को समानांतर तौर पर काम में लगाया गया है, जहां वे डिब्बों पर कुछ-कुछ काम कर रहे हैं। वर्तमान में 70 रोबोट काम में लगे हुए हैं। यह पूरी तरह से 'मेक इन इंडिया' है।

भाजपा आम चुनाव 2019 से पहले कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को उनके घर में ही घेरने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है। यही कारण है कि अमेठी में केंद्रीय नेतृत्व की सक्रियता के बाद बीते छह महीनों में कई बार भाजपा का शीर्ष नेतृत्व यहां आ चुका है। 21 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शहर में रैली को संबोधित कर चुके हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आए थे। तबसे पार्टी नेताओं की सक्रियता बनी हुई है।पार्टी के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने बताया कि रायबरेली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास की अलख जगाने आ रहे हैं। इससे यह साफ है कि भाजपा अपने विकास के एजेंडे पर ही पूरी मजबूती से चल रही है। भारतीय जनता पार्टी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में पार्टी हार से विचलित न होते हुए पूरा फोकस उत्तर प्रदेश पर कर रही है।

उत्तर प्रदेश से भाजपा को जहां 2014 में उसे 71 सीटों पर जीत मिली थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी आज पहली बार रायबरेली दौरे पर पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। देश की सियासत के लिहाज से रायबरेली सदस्यीय सीट हमेशा से ही महत्वपूर्ण रही है। गांधी परिवार की इस सीट को अपने खाते में करने का सपना भाजपा और संघ का लंबे समय से रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.