अपने जन्मदिन को खास बनाने के लिए पीएम मोदी होंगे गुजरात में, लेकिन क्या करेंगे? जानें
गुजरात सरकार ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर बांध पर महाआरती का कार्यक्रम रखा है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री 69वां जन्मदिन मनाएंगे।
अहमदाबाद, राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन पर सरदार सरोवर बांध का दौरा करेंगे और वहां पूजा-अर्चना करेंगे। प्रधानमंत्री का जन्मदिन 17 सितंबर है। यह जानकारी शनिवार को गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने दी। जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा होने से सरदार सरोवर बांध ओवरफ्लो के करीब पहुंच चुका है। बांध का जलस्तर ऐतिहासिक 138 मीटर को पार कर गया है। बांध को अधिकतम 138 मीटर 68 इंच तक ही भरा जा सकता है।
गुजरात सरकार ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर बांध पर महाआरती का कार्यक्रम रखा है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री 69वां जन्मदिन मनाएंगे। रूपाणी ने कहा कि नमामि देवी नर्मदे महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए राज्य सरकार की ओर से भेजा गया आमंत्रण प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया है। पूरी क्षमता तक बांध भर जाने के उपलक्ष में पूरे राज्य में यह महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान राज्य भर में 5000 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सरदार सरोवर नर्मदा निगम के प्रबंध निदेशक राजीव गुप्ता ने बताया कि मध्य प्रदेश में अच्छी बरसात होने से बांध में आठ लाख क्यूसेक से अधिक पानी आ रहा है। बांध के 23 दरवाजों को आंशिक रूप से खोलकर छह लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़ने के चलते नर्मदा, भरुच व वडोदरा जिलों को अलर्ट किया गया है। नदी किनारे बसे 175 गांवों को अलर्ट करने के साथ वहां जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।