जानिए, क्यों 'वंदे भारत एक्सप्रेस' का वीडियो शेयर कर पीयूष गोयल निशाने पर आए?
सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस पर रेल मंत्री पीयूष गोयल के एक ट्वीट पर कांग्रेस ने निशाना साधा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश की पहली सेमी हाई-स्पीड ट्रेन 'वंदे भारत एक्सप्रेस' पर रेल मंत्री पीयूष गोयल एक ट्वीटकर कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। मेक इन इंडिया के तहत बनी 'ट्रेन-18' का नाम पिछले दिनों बदलकर 'वंदे भारत एक्सप्रेस' रखा गया। इस ट्रेन की खूबियां गिनाने का सरकार कोई भी मौका नहीं छोड़ रही। इसको लेकर रेल मंत्री ने एक ट्वीट किया, जिसे लेकर कांग्रेस समेत सोशल मीडिया में मौजूद Netizan खूब मजे ले रहे हैं।
रेल मंत्री का दावा
दरअसल, पीयूष गोयल ने अपने ट्वीट में वंदे भारत एक्सप्रेस का एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें ट्रेन एकदम तेज गति से गुजरती दिख रही है। उनका यह ट्वीट 9 फरवरी का है। इस वीडियो को शेयर करते हुए पीयूष गोयल ने लिखा, 'यह एक चिड़िया है, यह एक प्लेन है। मेक इन इंडिया पहल के तहत बनी देश की सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को बिजली की गति से गुजरते देखिए।'
It’s a bird...It’s a plane...Watch India’s first semi-high speed train built under ‘Make in India’ initiative, Vande Bharat Express zooming past at lightening speed. pic.twitter.com/KbbaojAdjO — Piyush Goyal (@PiyushGoyal) February 10, 2019
दावा सच्चा या फिर झूठा?
उनके इस ट्वीट पर कांग्रेस ने सवाल उठाया है। वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने भी ट्रेन की स्पीड को लेकर सवाल उठाए हैं। दरअसल, रेल मंत्री ने ट्रेन का जो वीडियो शेयर किया, वह वीडियो तो बिल्कुल सही पाया गया, लेकिन उसमें ट्रेन की गति काफी ज्यादा दिखाई गई। इंटरनेट पर इसका असली वीडियो भी मिला, जिसमें ट्रेन की स्पीड रेल मंत्री के ट्वीट किए गए वीडियो से कम थी। इस ओरिजिनल वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग पीयूष गोयल के वीडियो को एडिट किया हुआ बता रहे हैं।
कांग्रेस ने भी साधा निशाना
वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस को भी इस बहाने भाजपा को निशाने पर लेने का एक और मौका मिल गया। उसने पीयूष गोयल के ट्वीट पर लिखा, 'बिजली की गति से चलने वाली एक मात्र चीज मिस्टर घोटाले के झूठ हैं।'
गौरतलब है कि ट्रेन-18 या कहे वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 फरवरी को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन की अधिकतम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा है। मेक इन इंडिया के तहत बनी यह ट्रेन दिल्ली से वाराणसी के बीच चलेगी।