Surgical Strike2: लोगों ने ट्विटर पर जैश-ए-मुहम्मद के आतंकी कैंपों पर हमले को सराहा
पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मुहम्मद के आतंकी कैंपों पर हमले के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए लोगों ने Twitter का जमकर सहारा लिया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मुहम्मद के आतंकी कैंपों पर हमले के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए लोगों ने ट्विटर का जमकर सहारा लिया। एक दौर ऐसा भी आया जब इस माइक्रो ब्लागिंग साइट पर भारत और पाकिस्तान के समर्थक कूद पड़े। थोड़ी ही देर में हैशटैग सर्जिकलस्ट्राइक2, इंडियास्ट्राइक्सपाकिस्तान, इंडियास्ट्राइक्सबैक सबसे ऊपर ट्रेंड करने लगे।
भारत की तरफ से सबसे लोकप्रिय ट्वीट बॉलीवुड फिल्म 'उरी, द सर्जिकल स्ट्राइक' का एक संवाद रहा। कई ट्विटर यूजर ने लिखा, 'हाउ इज द जोश/डेड सर।' इसे कई लोगों ने रिट्वीट भी किया। बता दें कि फिल्म में असली संवाद है, 'हाउस इज द जोश। इसके जवाब में कहा जाता है, 'हाई सर।' आम आदमी पार्टी के हैंडल से किए गए ट्रवीट में बॉलीवुड की प्रसिद्ध फिल्म बॉर्डर का एक दृश्य साझा किया गया है। इसमें सनी देओल लड़ाकू विमान उड़ा रहे जैकी श्राफ को थम्स अप करते दिखाई देते हैं।
..तो जागकर क्या उखाड़ लिया
पाकिस्तान रक्षा मंत्रालय द्वारा किया गया ट्वीट लोगों के लिए चुटकुला बन गया। हैशटैग पाकिस्तान जिंदाबाद से किए गए ट्वीट में कहा गया, 'शांति से सोइए, क्योंकि पाकिस्तान एयरफोर्स जाग रही है।' इसके जवाब में हैशटैग सर्जिकलस्ट्राइक2 से भारतीय वायुसेना ने लिखा कि आखिर जागकर क्या उखाड़ लिया।
पाकिस्तान के दावे की चुटकी ली
आतंकी कैंप को तबाह करने के भारत के दावे को खारिज करने पर पाकिस्तान के कुछ ट्वीट की भी चुटकी ली गई। हैशटैग सर्जिकलस्ट्राइक2 से किए गए ट्वीट में कहा गया, 'जब अमेरिका ने लादेन को मारा, तो उन्होंने कहा कि ओसामा पाकिस्तान में नहीं था, जब भारत ने 26/11 के आतंकियों को मार गिराया तो उन्होंने दावा किया कि वह पाकिस्तानी नहीं थे। जब भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक की तो वे कह रहे हैं कि कुछ नहीं हुआ।