उपराष्ट्रपति नायडू बोले- पंचायती राज संस्थानों का लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में अहम योगदान
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को कहा कि पंचायती राज संस्थानों ने देश में लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसे और सशक्त बनाने की आवश्यकता है।
नई दिल्ली, एएनआइ। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को कहा कि पंचायती राज संस्थानों ने देश में लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि राज्यों को पंचायतों को पूरी तरह से सशक्त बनाने की आवश्यकता है।
नायडू ने आज राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर ट्वीट कर कहा, 'पंचायती राज दिवस पर शुभकामनाएं! पंचायती राज संस्थान भारत में शासन के विकेंद्रीकरण और किसी भी योजना की आधारशिला हैं। इसने देश में लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।'
बहुत कुछ किए जाने की जरूरत
नायडू ने ट्वीट कर यह भी कहा, 'हालांकि 73 वें संवैधानिक संशोधन के लागू होने के बाद से स्थानीय स्वशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, लेकिन और भी बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है।'
राज्यों को पंचायतों को पूरी तरह से सशक्त बनाने की आवश्यकता
नायडू ने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'राज्यों को तीन एफ (Three Fs) धन (Fund), कार्य (functions) और कार्यकर्त्ता (functionaries) के माध्यम से पंचायतों को पूरी तरह से सशक्त बनाने की तत्काल आवश्यकता है। विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता के जीवंत केंद्र के रूप में उभरने के लिए यह काफी जरूरी है।
विभिन्न ग्राम पंचायतों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश भर की विभिन्न ग्राम पंचायतों को संबोधित करेंगे। वह एक एकीकृत ई- ग्राम स्वराज पोर्टल और मोबाइल ऐप भी लॉन्च करेंगे। पोर्टल पंचायती राज मंत्रालय की एक पहल है, जो ग्राम पंचायतों को अपनी ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को तैयार करने और कार्यान्वित करने के लिए सिंगल इंटरफ़ेस प्रदान करेगा।
पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पीएम मोदी का पत्र
पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को एक पत्र में कहा, 'पंचायती राज प्रणाली के सदस्य, जो बहादुर योद्धाओं की तरह कोरोना वायरस की चुनौती के खिलाफ प्रतिबद्ध तरीके से लड़ रहे हैं, वे हममें से बाकी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत। यह संयुक्त बल इस लड़ाई में हमारी ताकत है। हम निश्चित रूप से अपनी एकता के माध्यम से मजबूत रहकर इस महामारी को हराएंगे।