जेटली पक्ष-विपक्ष सभी के थे चेहते, निधन की खबर सुनते ही बड़े नेताओं ने किया दिल्ली का रूख
देश के दिग्गज नेता और पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली के निधन की खबर मिलते ही भाजपा ही नहीं विपक्षी नेताओं ने भी अपने तमाम कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली का रुख किया।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। देश के दिग्गज नेता और पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली के निधन की खबर मिलते ही भाजपा ही नहीं, विपक्षी नेताओं ने भी अपने तमाम कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली का रुख किया। गृहमंत्री अमित शाह हैदराबाद से, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू अपने-अपने कार्यक्रम रद्द कर तत्काल दिल्ली रवाना हो गए। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक कार्यक्रम के लिए आगरा पहुंचना था, लेकिन उन्होंने भी दिल्ली का रुख किया।
भाजपा के बड़े नेता ही नहीं, विपक्ष के बड़े नेता भी श्रद्धांजलि देने दिल्ली पहुंचने लगे। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ इनमें शामिल थे। विपक्षी नेताओं के साथ श्रीनगर पहुंचने और वहां एयरपोर्ट से ही वापस लौटा दिए गए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली पहुंचने के तत्काल बाद अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ श्रद्धांजलि देने जेटली के घर पहुंच गए। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी वहां मौजूद थीं। देर शाम तक विभिन्न राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी था।