राहुल की लंदन यात्रा कार्यक्रम में बदलाव नहीं: सैम पित्रोदा
राहुल की ब्रिटेन यात्रा के स्थगित करने जैसी चर्चाओं के बाद यह स्पष्टीकरण जारी किया गया है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी अपने तय समय पर ही ब्रिटेन की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान उनके वहां की संसद में जाने और कुछ गणमान्य व्यक्तियों के साथ परिचर्चा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह जानकारी इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने दी। बता दें कि राहुल की ब्रिटेन यात्रा के स्थगित करने जैसी चर्चाओं के बाद यह स्पष्टीकरण जारी किया गया है।
पित्रोदा के अनुसार कई कार्यक्रमों को देखते हुए राहुल पूरे एक सप्ताह लंदन में रहेंगे। इस दौरान वे लंदन में थिंक टैंक से चर्चा के साथ ही, वहां की संसद जाएंगे। लंदन स्कूल ऑफ इकोनामिक्स में विद्यार्थियों से रूबरू होंगे। 25 अगस्त को आइओसी की एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वह राजनीतिक व्यक्तियों, कारोबारियों के साथ भारतीय पत्रकारों से भी बात करेंगे। राहुल 22 और 23 अगस्त को जर्मन और 24 और 25 अगस्त को लंदन की यात्रा पर रहेंगे।
शुक्रवार को कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने राहुल की जर्मनी और ब्रिटेन की यात्रा कार्यक्रम में किसी तरह के बदलाव की बात से इन्कार किया था। उन्होंने यात्रा को लेकर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया था।