'कर्नाटक की जनता से कांग्रेस सरकार ने किया विश्वासघात', बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का आरोप
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर जनता के साथ "विश्वासघात" करने और आंतरिक कलह के कारण विकास कार्यों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

कर्नाटक कांग्रेस ने जनता को धोखा दिया- बीजेपी अध्यक्ष (फोटो- ANI)
HighLights
कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक की जनता से विश्वासघात किया: नितिन नवीन
आंतरिक संघर्षों के कारण विकास और कल्याणकारी कार्य हुए प्रभावित
कांग्रेस कर्नाटक को राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए 'एटीएम' बना रही
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन ने राज्य की जनता के साथ "विश्वासघात" किया है और पिछले तीन वर्षों में विकास और कल्याणकारी गतिविधियों से ध्यान हटा लिया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और उनके उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच 'शक्ति संघर्ष' का अप्रत्यक्ष रूप से उल्लेख किया।
अपने दो दिवसीय कर्नाटक दौरे के दौरान रविवार को नवीन ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस आंतरिक संघर्षों से ग्रस्त है और इसके नेताओं पर "शासन के बजाय व्यक्तिगत हितों के लिए शक्ति का उपयोग करने" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "कर्नाटक सरकार ने पिछले तीन वर्षों में यहां की जनता को धोखा दिया, लोगों के विश्वास के साथ विश्वासघात किया और उनके आंतरिक संघर्षों के कारण जन कल्याण के कार्यों को पीछे धकेल दिया गया है।"
कांग्रेस नीत राज्य सरकार के जनता की चिंताओं से बेपरवाह होने का दावा करते हुए नवीन ने कहा, "यहां की सरकार का लोगों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। इस सरकार को चला रहे नेता केवल अपने लिए सरकार और शक्ति का उपयोग कर रहे हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक सरकार का ध्यान पूरी तरह से उन विकास योजनाओं से हटा हुआ है, जिन्हें इस राज्य के लोगों के लिए लागू किया जाना चाहिए था।" नवीन ने कांग्रेस पर कर्नाटक का "आर्थिक शोषण" करने का भी आरोप लगाया, ताकि इसका लाभ राष्ट्रीय नेतृत्व को मिल सके।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस कर्नाटक का उपयोग एक एटीएम के रूप में कर रही है ताकि दिल्ली में अपने दरबार को सजाए और बनाए रख सके।" भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राज्य स्तरीय कोर समिति की बैठक की। उन्होंने कहा कि पार्टी के जिला स्तर के प्रशिक्षण शिविर देश भर में आयोजित किए जा रहे हैं और उन्होंने अपने दौरे के दौरान कर्नाटक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की।
नवीन ने स्थानीय निकाय चुनावों के लिए तैयारियों को तेज करने और 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के आधार को मजबूत करने के निर्देश दिए। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
