कर्नाटक उपचुनाव में जीत के बाद CM बीएस येदियुरप्पा से मिले नितिन गडकरी, जानें क्या हुई बातचीत
कर्नाटक के उपचुनावों में जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की।
बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक के उपचुनावों में जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों ने नेशल हाइवे प्रोजेक्ट पर बातचीत की। इस रिव्यू बैठक में राज्य में नए नए रुट के लिए जमीन देने पर भी चर्चा की। बैठक में बहस के दौरान कहा गया कि मौजूदा काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके लिए राज्य में सेवानिवृत मंत्रियों को इस काम को पूरा करने के लिए नियुक्त किया गया है। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों ने हिस्सा लिया। यह बैठक बैंगलुरू में हुई।
पिछले दिनों कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव का परिणाम घोषित हुए थे। इस दौरान 12 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। बता दें कि इस दौरान कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने अपना इस्तीफा दे दिया था। 15 सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस सिर्फ 2 सीट पाने में कामयाब रही। इस हार की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने इस्तीफा दिया।
राज्य में हुए उपचुनावों के बाद भाजपा को विधानसभा में पूर्ण बहुमत मिल गया है। 222 सदस्यीय विधानसभा में अब भाजपा के अब 117 विधायक हो गए हैं। कांग्रेस के पास 68 और जेडीएस के पास 34 विधायक है।
कांग्रेस और जेडीएस के 17 विधायकों के विरोध के बाद जुलाई में एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार गिर गई थी और भाजपा को सत्ता में आने का मौका मिला। अयोग्य ठहराए गए इन्हीं विधायकों द्वारा खाली की गई सीटों पर उपचुनाव कराए गए हैं। 15 में से 12 पर कांग्रेस विजयी हुई थी जबकि तीन सीटें जेडीएस खाते की हैं। सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा को इनमें से कम से कम छह सीटों की दरकार है। हाई कोर्ट में मामला लंबित रहने के कारण विधानसभा में दो सीटें अभी तक खाली हैं। इन सीटों के लिए उपचुनाव नहीं कराया गया है।