यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कोनराड संगमा मेघालय तो नेफ्यू रियो आज नगालैंड के सीएम पद की लेंगे शपथ, पीएम मोदी होंगे शामिल
Meghalaya and Nagaland News नगालैंड और मेघालय में आज नई सरकारों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। कोनराड संगमा मेघालय के ...और पढ़ें

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। मेघालय और नगालैंड में आज यानी मंगलवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष कोनराड संगमा मेघालय के सीएम पद की शपथ लेंगे। वहीं, नेफ्यू रियो नगालैंड के सीएम बनेंगे। पीएम मोदी, अमित शाह के अलावा कई दिग्गज नई सरकारों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
मेघालय में 12 मंत्री भी लेंगे शपथ
बता दें कि कोनराड संगमा लगातार दूसरी बार मेघालय के सीएम बनने जा रहे हैं। इस दौरान 12 मंत्री भी शपथ लेंगे। एनपीपी से आठ, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) से दो, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (एचएसपीडीपी) और भाजपा से एक-एक विधायक मंत्री बनेंगे।
मेघालय में 58 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ
मेघालय विधानसभा के 58 नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को शपथ ली। प्रोटेम स्पीकर टिमोथी डी शिरा ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मेघालय में 60 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन यूडीपी उम्मीदवार एचडी आर लिंगदोह के निधन के बाद सोहियोंग निर्वाचन क्षेत्र में मतदान स्थगित कर दिया गया था। रेसुबेलपारा के विधायक शिरा को चार मार्च को राजभवन में राज्यपाल फागू चौहान ने विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाई गई थी।
Nagaland में NDPP-BJP की सरकार
नगालैंड में एक बार फिर एनडीपीपी-बीजेपी गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। 60 सीटों वाले नगालैंड में एनडीपीपी गठबंधन ने 37 सीटें जीती थीं। एनडीपीपी को 25, जबकि बीजेपी को 12 सीटें हासिल हुई थीं। इसके अलावा एनसीपी को 7, एनपीपी को 5, निर्दलियों को चार, लोक जनशक्ति पार्टी, एनपीएफ और आरपीआई को 2-2 सीट हासिल हुई थीं। जेडीयू के खाते में एक सीट आई है।
पूर्वोत्तर के दो दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी
उधर, पीएम मोदी मंगलवार से पूर्वोत्तर के दो दिवसीय दौरे पर होंगे। इस दौरान वह क्षेत्र के तीन राज्यों में नई सरकारों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। असम के स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत ने कहा कि वह राज्य में अपने रात्रि प्रवास के दौरान यहां असम सरकार की एक कैबिनेट बैठक में भी शामिल होंगे। त्रिपुरा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को होगा।