विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Remark on Rashtrapati: राष्ट्रपति पर विवादित टिप्‍पणी को लेकर महिला आयोग सख्‍त; सोनिया गांधी से हस्‍तक्षेप की मांग, अधीर रंजन चौधरी को पेश होने के निर्देश

By Krishna Bihari SinghEdited By:
Published: Thu, 28 Jul 2022 04:23 PM (IST)Updated: Thu, 28 Jul 2022 05:57 PM (IST)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) की विवादित टिप्पणी पर बरपे सियासी हंगामे ...और पढ़ें

राष्‍ट्रीय महिला आयोग ने सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए पत्र लिखा है।
राष्‍ट्रीय महिला आयोग ने सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए पत्र लिखा है।

नई दिल्‍ली, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) की विवादित टिप्पणी पर बरपे सियासी हंगामे के बीच राष्‍ट्रीय महिला आयोग (National Commission for Women, NCW) ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए पत्र लिखा है। यही नहीं एनसीडब्‍ल्‍यू ने सोनिया गांधी से अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ उनकी अपमानजनक टिप्पणी के लिए उचित कार्रवाई करने के लिए भी कहा है।

वहीं लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में की गई अपनी एक टिप्पणी पर बृहस्पतिवार को सफाई दी। पीटीआइ के मुताबिक उन्‍होंने कहा कि चूंकि मैं बहुत अच्‍छी हिंदी नहीं जानता हूं इसलिए गलती हो गई। मैंने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है। मैं राष्‍ट्रपति से मिलकर माफी मांगूंगा। हालांकि उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि वह 'पाखंडियों' से माफी नहीं मांगेगे। चाहे किसी भी समुदाय का व्यक्ति राष्ट्रपति के पद पर मौजूद हो मैं उसका पूरा सम्‍मान करता हूं।

समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय महिला आयोग (National Commission for Women, NCW) ने कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर और अपनी टिप्पणी के लिए लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए भी नोटिस भेजा है। महिला आयोग में यह सुनवाई 3 अगस्त को सुबह 11:30 बजे निर्धारित की गई है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस को 'आदिवासियों, महिलाओं और गरीबों का विरोधी' करार दिया है।

वहीं समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय महिला आयोग और 12 राज्य महिला आयोगों ने गुरुवार को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई टिप्‍पणी की आलोचना की और कहा कि यह टिप्पणी बेहद अपमानजनक और लिंगभेदवादी है। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से इस विवाद पर माफी की मांग की है। भारतीय जनता पार्टी के सांसदों के हंगामे के कारण गुरुवार को भी लोकसभा की बैठक एक बार फ‍िर अपराह्न 4 बजे तक स्थगित कर दी गई।

एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने ट्वीट कर बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग और विशाखापत्तनम में त्रैमासिक बैठक में मौजूद सभी राज्य महिला आयोगों ने राष्ट्रपति के खिलाफ कांग्रेस नेता की ओर से की गई अपमानजनक टिप्पणी की निंदा की। इस मसले पर महिला आयोग सख्‍त है और उन्हें समन भेज रहा है। 12 राज्य महिला आयोगों में आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा के आयोग शामिल हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग और सभी राज्य महिला आयोग अधीर रंजन चौधरी के शब्दों की कड़ी निंदा करते हैं।