विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

करनैल सिंह सबसे रईस विधायक; उमंग सबसे युवा, अमानतुल्लाह पर सबसे अधिक केस, दिल्ली चुनाव के रोचक तथ्य

Published: Sun, 09 Feb 2025 05:00 AM (IST)Updated: Sun, 09 Feb 2025 05:57 AM (IST)

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सत्ता का तिलिस्म टूट गया है। जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर ...और पढ़ें

मानतुल्लाह खान, उमंग बजाज और करनैल सिंह। ( फाइल फोटो )
मानतुल्लाह खान, उमंग बजाज और करनैल सिंह। ( फाइल फोटो )

HighLights

  1. उमंग बजाज ने 1231 मतों के अंतर से जीता चुनाव।
  2. संपत्ति के मामले में मनजिंदर सिंह दूसरे नंबर पर हैं।
  3. आप के अमानतुल्लाह खान पर सबसे अधिक केस।

पीटीआई, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रचंड जीत हासिल की। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) हैट्रिक लगाने से चूक गई। पार्टी को सिर्फ 22 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस को किसी भी सीट पर जीत नहीं मिली। लगातार तीन विधानसभा चुनाव से कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल पाई। आइए जानते हैं दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से जुड़ी कुछ रोचक बातें...

करनैल सिंह के पास सबसे अधिक संपत्ति

शकूर बस्ती विधानसभा सीट से चुनाव जीतने वाले भाजपा प्रत्याशी करनैल सिंह सबसे अमीर विजेता हैं। उनके पास कुल 259 करोड़ रुपये की संपत्ति है। राजौरी गार्डन से चुनाव जीतने वाले भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा के पास 248 करोड़ रुपये की संपत्ति है। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर अरविंद केजरीवाल को शिकस्त देने वाले प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के पास 115 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

उमंग बजाज सबसे युवा विधायक

भाजपा के उमंग बजाज सबसे युवा विधायक बने हैं। उनकी उम्र 31 साल है। उमंग ने राजिंदर नगर से चुनाव जीता है। त्रिनगर से भाजपा प्रत्याशी तिलक राम गुप्ता सबसे बुजुर्ग विजेता हैं। उनकी उम्र 73 वर्ष की है। आप नेता अमानतुल्लाह खान ने ओखला से चुनाव जीता है। उन्होंने इस बार सबसे अधिक मुकदमों के साथ चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। उन पर कुल 19 आपराधिक केस हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुल 699 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई थी।

कई नवनिर्वाचित विधायकों के खिलाफ केस

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की एक रिपोर्ट के अनुसार कई विजयी उम्मीदवारों पर भी आपराधिक मामले लंबित हैं। ओखला से आप के अमानतुल्लाह खान पर 19, कोंडली से कुलदीप कुमार पर सात मामले हैं। तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के जरनैल सिंह पर चार और बुराड़ी से संजीव झा पर दो मामले हैं। भाजपा के मनजिंदर सिंह सिरसा पर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं प्रवेश वर्मा पर एक मामला है।

कौन-कितने अंतर से जीता?

नई दिल्ली विधानसभा सीट पर प्रवेश वर्मा ने आप सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 4,089 मतों के अंतर से शिकस्त दी है। मनजिंदर सिंह ​​सिरसा ने राजौरी गार्डन सीट पर 18,190 मतों जीत दर्ज की। तिलक राम गुप्ता ने 15,896 और उमंग बजाज ने 1,231 मतों से चुनाव जीता है। आप नेता अमानतुल्लाह खान ने ओखला से 23,639 और जरनैल सिंह ने 11,656 और संजीव झा ने 20,601 मतों से चुनाव जीता है।

भाजपा को 40 सीटों का फायदा

दिल्ली में विधानसभा की कुल 70 सीटें हैं। आप और कांग्रेस ने 70-70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। भाजपा ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ा। दो सीटों पर उसके सहयोगी जदयू और लोक जनशक्ति पार्टी ( रामविलास) ने अपनी किस्मत आजमाई।

भाजपा को कुल 48 और आप को 22 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। पिछले चुनाव में भाजपा ने आठ सीटों पर जीत हासिल की थी। इस लिहाज से उसे कुल 40 सीटों का फायदा हुआ। वहीं आप ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी तो उसे 40 सीटों का नुकसान हुआ है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में प्रचंड जीत से गदगद भाजपा, सुवेंदु ने CM ममता को दी चेतावनी; कहा- 2026 में बंगाल की बारी

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जहरीली शराब से 8 की मौत, प्रशासन ने नकारा; मगर कौन देगा इस सवाल का जवाब?