Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    VIDEO Modi Government 2019 Day 1 Live Update: पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ अब सभी किसानों को मिलेगा

    By Tilak RajEdited By:
    Updated: Fri, 31 May 2019 08:31 PM (IST)

    First Cabinet Meeting में कई अहम फैसले लिए गए हैं। साथ ही नई सरकार ने संसद का पहला सत्र 17 जून से शुरू करने का निर्णय लिया है। पहले सत्र में बजट पेश किया जाएगा।

    VIDEO Modi Government 2019 Day 1 Live Update: पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ अब सभी किसानों को मिलेगा

    नई दिल्‍ली, जेएनएन। मोदी सरकार के नए कैबिनेट की पहली बैठक समाप्त हो चुकी है। कैबिनेट में निर्णय लिया गया है कि 17 जून से संसद का नया सत्र शुरू होगा। इसमें बजट पेश होगा। जानकारी अनुसार 19 जून को सदन के स्पीकर का चुनाव होगा। बैठक के बाद नेता बाहर निकलने लगे हैं। नए कैबिनेट की इस बैठक में बड़ा निर्णय लेते हुए सरकार ने राष्ट्रीय रक्षा कोष के तहत 'प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना' में एक बड़े बदलाव को मंजूरी दी है। इस छात्रवृत्ति योजना में नक्सली और आतंकी हमले में शहीद होने वाले राज्य पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बच्चों को भी शामिल किया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बता दें कि नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर कमान संभाल ली। इस दौरान राष्‍ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी समेत सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई थी। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में हजारों लोगों व अनेक खास मेहमानों की मौजूदगी में उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। मोदी के साथ भाजपा नीत राजग मंत्रिपरिषषद में पीएम मोदी के अलावा कुल 57 मंत्री बनाए गए हैं।

    LIVE Updates...

    - कैबिनेट ने कंट्रोल ऑफ फुट एंड माउथ डिजीज (एफएमडी) और ब्रुसेलोसिस के लिए एक विशेष योजना को मंजूरी दी है।

    - केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा- राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद 20 जून को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। 4 जुलाई को आर्थिक सर्वेक्षण जारी किया जाएगा।

    - पशुओं का टीकाकरण कराएगी केंद्र सरकार।

    - ट्रेडर्स के लिए पेंशन की योजना, इससे तीन करोड़ व्यापारियों और दुकानदारोंं को फायदा होगा।   

    - 17 जून से 26 जुलाई तक संसद का सत्र, 40 दिनों तक सदन चलेगा। 5 जुलाई को सरकार पेश करेगी बजट।

    - इस योजना से 14.5 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे। 

    - अब सभी किसानों को मिलेगा पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ- नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री

    - संसद के पहले सत्र के दौरान ही 19 जून को नए लोकसभा स्पीकर का चुनाव किया जाएगा।

    - कैबिनेट बैठक में फैसला लिया गया है कि नई सरकार गठन के बाद संसद का पहला सत्र 17 जून से शुरू होगा। संसद के पहले सत्र में बजट पेश किया जाएगा। ये सत्र 26 जुलाई तक चलेगा।

    - मोदी कैबिनेट की पहली बैठक समाप्त। बैठक से बाहर निकलने लगे हैं मंत्री।

    -प्रधानमंत्री कार्यालय के  साउथ ब्लॉक में पीएम नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी और सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी।

    - इस छात्रवृत्ति योजना में नक्सली और आतंकी हमले में शहीद होने वाले राज्य पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बच्चों को भी शामिल किया गया है।

    - नए कैबिनेट का पहला बड़ा निर्णय राष्ट्रीय रक्षा कोष के तहत 'प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना' में एक बड़े बदलाव को मंजूरी दी है। इसके तहत अब लड़कों को दिए जाने वाले स्कॉलरशिप में 500 रूपये और लड़कियों को दिए जाने वाले सकॉलरशिप में 750 रूपये की बढोतरी की गई है। 

    -रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और अरविंद सावंत भी कैबिनेट की पहली बैठक में शामिल होने पहुंचे।

    - कैबिनेट की पहली बैठक में शामिल होने पहुंचे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और डॉ. जितेंद्र सिंह।

    -कैबिनेट की पहली बैठक में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, धर्मेंद्र प्रधान और गिरिराज सिंह।

    - कैबिनेट की पहली बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी

    कैबिनेट की पहली बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, धर्मेंद्र प्रधान और गिरिराज सिंह।

    - कैबिनेट की बैठक के लिए गृह मंत्री अमित शाह पहुंच गए हैं। 

    - केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने खाद्य एवं जन वितरण मंत्री का पदभार ग्रहण किया।

    -केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण किया।

    -केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेट्रोलियम, स्टील, नैचरल गैस मंत्रालय, गजेंद्र सिंह शेखावत ने श्रम शक्ति भवन में जल शक्ति मंत्रालय, रमेश पोखरियाल निशंक ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय, निर्मला सीतारमण ने वित्त मंत्रालय का पदभार संभाल लिया।

    - केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री का कार्यभार संभाला।

    - केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने संभाला रेल और वाणिज्य मंत्रालय का कार्यभार।

    - कैबिनेट मंत्री एस. जयशंकर ने संभाला विदेश मंत्रालय का कार्यभार।

    - बेगूसराय से जीते गिरिराज सिंह को मोदी कैबिनेट में पशुपालन, डेयरी और मत्‍स्‍य मंत्री बनाया गया है। इस पर उन्‍होंने कहा कि मुझे जो भी जिम्‍मेदारी दी गई है उसे मैं पीएम के रोड मैप में आगे ले जाने के लिए काम करूंगा। मैं पहले भी ये जिम्‍मेदारी बिहार में संभाल चुका हूं, इसलिए मुझे एक बार फिर इस मंत्रालय को संभालने में खुशी होगी।

    - रामविलास पासवान को खाद्य मंत्री बनाया गया है।
    - रविशंकर प्रसाद को कानून मंत्री बनाया गया है।
    - हरसिमरत कौर बादल को फूड प्रोसेसिंग मंत्री बनाया गया है।
    - थावरचंद गहलोत को सामाजिक न्याय मंत्री बनाया गया है।
    - एस जयशंकर को विदेश मंत्रालय की जिम्‍मेदारी सौंपी गई है।
    - रमेश पोखरियाल निशंक को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री बनाया गया है।
    - अर्जुन मुंडा को जनजाति विभाग का मंत्री बनाया गया है।
    - स्मृति इरानी को महिला एवं बाल विकास मंत्री बनाया गया है।
    - प्रकाश जावड़ेकर को पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
    - पीयूष गोयल को रेल मंत्री बनाया गया है। इसके साथ उन्‍हें कॉमर्स एवं इंडस्‍ट्री मंत्रालय की जिम्‍मेदारी भी दी गई है।
    - धर्मेंद्र प्रधान को पेट्रोलियम मंत्री बनाया गया है।
    - मुख्तार अब्बास नकवी को अल्पसंख्यक मामलों का मंत्री बनाया गया है।
    - प्रहलाद जोशी को संसदीय कार्यमंत्री बनाया गया है।
    - महेंद्र नाथ पांडेय को स्किल डिवेलपमेंट मंत्री बनाया गया है।
    - डीवी सदानंद गौड़ा को रसायन एवं उर्वरक मंत्री बनाया गया है।
    - नरेंद्र सिंह तोमर को कृषि मंत्री के साथ साथ ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं पंचायती राज की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
    - गजेंद्र सिंह शेखावत को जल शक्ति मंत्री बनाया गया है।
    - डॉ. हर्षवर्धन को हेल्थ मिनिस्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

    - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। यहां दोनों नेता द्विपक्षीय बैठक करेंगे। नेपाल के प्रधानमंत्री गुरुवार को नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।

    - केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा कि वह खुद को भाग्‍यशाली समझते हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनपर विश्‍वास जताया है। मेरा राजनीति में आने का मकसद देश की सेवा करना है। हमारी पार्टी का उद्देश्‍य- पहले देश, उसके बाद पार्टी और अंत में खुद आते हैं। 

    मंत्री पद पर रहते हुए मैं मोदी जी और आम जनता का विश्‍वास कायम रखने की पूरी कोशिश करूंगा।

    - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना से मुलाकात की, दोनों नेता द्विपक्षीय बैठक करेंगे। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने गुरुवार को पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया था।

    - कैबिनेट मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपनी पत्नी मृदुला प्रधान और कैबिनेट मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी के साथ हौज खास विलेज के जगन्नाथ मंदिर गए। भुवनेश्वर से भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी भी उनके साथ मौजूद थीं।

    -बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने 3 जून को पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों, जोन प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की दिल्ली में बैठक बुलाई है। बैठक में पार्टी के अन्य वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहेंगे।

    -नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। आज मोदी कैबिनेट की पहली बैठक होगी। इस बैठक में कल मंत्रिमंडल की शपथ लेने वाले नेताओं के मंत्रालयों का बंटवारा हो सकता है।

    मोदी मंत्रिमंडल के विभागों की सूची
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के विभागों की सूची सामने आ गई है। राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई, इससे पहले उनके पास गृह मंत्रालय था। अमित शाह को गृह मंत्री बनाया गया है। सबकी निगाहें इसी पर टिकी हुई थी कि अमित शाह को कौन-सा मंत्रालय दिया जाएगा। इसके अलावा नितिन गडकरी को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय दिया गया है।

    मोदी पार्ट-1 में में रक्षा मंत्री रही निर्मला सीतारमण को दूसरे कार्यकाल में वित्त मंत्री का जिम्मा सौंपा गया है। एस जयशंकर भारत के नए विदेश मंत्री बनाए गए हैं। प्रकाश जावडेकर को सूचना और प्रसारण मंत्रालय के साथ ही पर्यावरण मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया।

    राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की सूची
    संतोष कुमार गंगवार को श्रम एवं नियोजन मंत्री बनाया गया है। राव इंद्रजीत सिंह को सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री का कार्यभार सौंपा गया है। श्रीपद नाईक को रक्षा राज्य मंत्री एवं आयुर्वेद और योगा मंत्री बनाया गया है। जीतेंद्र सिंह को पीएमओ का मंत्री बनाया गया है। वहीं, जीतेंद्र सिंह को उत्तर-पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री की भी जिम्मेदारी दी गई है। किरण रिजिजू को युवा एवं खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। प्रहलाद सिंह पटेल को संस्कृति मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा फग्गन सिंह कुलस्ते- स्टील मंत्रालय, अश्विनी कुमार चौबे- हेल्थ और परिवार कल्याण, अर्जुन राम मेघवाल- संसदीय कार्य मंत्री, भारी उद्योग मंत्रालय, जनरल (रि.) वी के सिंह- सड़क परिवहन मंत्रालय, कृष्ण पाल गुर्जर-सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता, रावसाहेब दानवे- उपभोक्ता मंत्रालय, जी किशन रेड्डी- गृह मंत्रालय, रामेश्वर तेली- खाद्य प्रसंस्करण, प्रताप चंद्र सारंगी- सूक्ष्म एवं लघु उद्योग, कैलाश चौधरी- कृषि एवं किसान कल्याण, देबाश्री चौधरी- महिला एवं बाल विकास। अनुराग सिंह ठाकुर-वित्त/कॉरपोरेट अफेयर्स, सुरेश अंगडी- रेलवे, नित्यानंद राय- गृह, रतन लाल कटारिया- जल शक्ति/सामाजिक न्याय आधिकारिता, वी मुरलीधरन-विदेश/संसदीय कार्य, रेणुका सिंह सरुता-अनुसूचित कल्याण, सोम प्रकाश-वाणिज्य एवं उद्योग।

    अमित शाह के मोदी सरकार में आने के खास मायने
    संगठन में अपनी कुशलता प्रदर्शित करने वाले अमित शाह के मोदी सरकार में आने के खास मायने हैं। एक तरफ जहां यह माना जा रहा है कि अहम पड़ाव पर वह वित्त जैसे संवेदनशील मंत्रालय की कमान थामेंगे। वहीं यह भी मानकर चला जा रहा है कि सरकार में वह सामंजस्य का भी जिम्मा देखेंगे। वैसे उनके सरकार में शामिल होने के साथ ही भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का नाम सबसे आगे है। यूं तो गुजरात में वह गृह मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं लेकिन गुरुवार को उन्होंने जिस तरह राजनाथ सिंह के बाद तीसरे नंबर पर शपथ लिया उसका यह अर्थ निकाला गया कि यहां वह गृह मंत्रालय की बजाय वित्त मंत्री पद संभालेंगे। वैसे भी वित्त को लेकर उनकी समझ जांची परखी है। फिलहाल देश को वित्त के मोर्चे पर कई साहसिक कदम उठाने हैं और शाह साहसिक फैसलों के लिए जाने जाते हैं।

    भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज
    संगठन में रहते हुए भी उन्होंने कठोर और साहसिक फैसलों की शुरुआत की थी। माना जा रहा है कि मोदी सरकार में वह सामंजस्य की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। यानी उन पर जिम्मेदारी होगी कि वह दूसरे मंत्रालयों के कामकाज पर भी नजर रखें और जरूरी सहयोग करें या निर्देश दें। दरअसल वित्त मंत्रालय वैसे भी सभी मंत्रालयों से जुड़ा होता है। अब जबकि शाह सरकार में शामिल हो चुके हैं तो भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो गई है। पहले नाम के तौर पर जेपी नड्डा का नाम है जो मोदी और शाह दोनों के विश्वस्त भी माने जाते हैं और संघ के भी नजदीक हैं। मंत्री रहते हुए भी उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी जाती रही है। वह भाजपा संसदीय बोर्ड के सचिव भी हैं। ऐसे में जब मंत्रिपरिषद को शपथ दिलाते हुए उन्हें बाहर रखा गया है तो नए अध्यक्ष के रूप में उनकी दावेदारी सबसे प्रबल मानी जा रही है।

    राज्य का प्रतिनिधित्व
    पीएम मोदी के दूसरे कार्यकाल के मंत्रिमंडल में लगभग सभी राज्यों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई। कैबिनेट के 24 मंत्रियों में 4 उप्र से, एक गुजरात से, 3 बिहार से, महाराष्ट्र से पांच, उत्तराखंड से एक, झारखंड से दो, पंजाब से एक, कर्नाटक से दो, मध्य प्रदेश से दो, राजस्थान,दिल्ली और ओडिशा से एक-एक मंत्री शामिल हैं। स्वतंत्र प्रभार के 9 में उप्र से दो, हरियाणा से एक, गोवा से एक, बिहार से एक, अरुणाचल से एक, जम्मू-कश्मीर से एक, गुजरात से एक और मध्य प्रदेश से एक मंत्री हैं। वहीं, राज्य मंत्रियों में उप्र से चार, राजस्थान, बंगाल, कर्नाटक, महाराष्ट्र से तीन, एमपी,गोवा, हरियाणा, तेलंगाना, असम, गुजरात, पंजाब, हिमाचल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और बिहार से एक-एक मंत्री हैं।

    लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

    comedy show banner
    comedy show banner