राहुल के ओडिशा दौरे से पहले कांग्रेस छोड़ेंगे नव किशोर दास और थामेंगे बीजद का दामन
25 जनवरी को राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार ओडिशा आएंगे। ओडिशा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नव किशोर दास ने बीजद में शामिल होने का निर्णय लिया है।
जेएनएन, भुवनेश्वर। कांग्रेस के विधायक एवं ओडिशा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नव किशोर दास ने बीजू जनता दल (बीजद) में शामिल होने का निर्णय लिया है। दास ने आगामी 24 जनवरी को मुख्यमंत्री सह बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक की मौजूदगी में दल की सदस्यता लेने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि 25 जनवरी को राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार ओडिशा आएंगे।
राहुल के आने के एक दिन पहले किसी विधायक का पार्टी छोड़ना कांग्रेस को तगड़ा झटका देने वाला समझा जा रहा है। पार्टी छोड़ने के बाद दास को विधायक पद से भी इस्तीफा देना पड़ेगा। दलबदल विरोधी कानून के तहत उनकी सदस्यता भी जा सकती है।
हाईकमान के करीबी रहे नव किशोर दास को हैविवेट नेता माना जाता है। वह बीजद में राजनीतिक भविष्य देख रहे हैं, ऐसी चर्चा है। हैविवेट होने के कारण बीजद की सरकार बनने पर उन्हें मंत्री भी बनाया जा सकता है।
नव किशोर दास पार्टी छोड़ सकते हैं, ऐसी कोई सूचना हमें नहीं है। हम उनसे बात करेंगे-निरंजन पटनायक, अध्यक्ष, कांग्रेस ओडिशा।