ममता बनर्जी ने IPS को सुसाइड के लिए उकसाया, दर्ज हो केसः मुकुल रॉय
सेवानिवृत पुलिस अधिकारी गौरव दत्त की आत्महत्या के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीति तेज हो गई है। भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।
कोलकाता, एजेंसी। सेवानिवृत पुलिस अधिकारी गौरव दत्त की आत्महत्या के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीति तेज हो गई है। भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ केस दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। वरिष्ठ भाजपा नेता मुकुल रॉय ने कहा कि इस मामले की जांच सीबीआइ से करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बंगाल के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब किसी सीनियर पुलिस अधिकारी ने सत्तारूढ़ पार्टी या मुख्यमंत्री पर इस तरह के गंभीर आरोप लगाए हों।
इस मामले में शुक्रवार को प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राहुल सिन्हा ने भी कहा था कि एक पूर्व आईपीएस अधिकारी ने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाया है। अपनी राजनीतिक दुश्मनी निकालने के लिए ममता बनर्जी ने एक अधिकारी को इतना अधिक मानसिक रूप से परेशान किया कि वह आत्महत्या के लिए विवश हो गए।
उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार ने उनकी प्रोविडेंट फंड और अन्य राशि रोक दी जिसकी वजह से वह अपनी पत्नी का इलाज तक नहीं करा पा रहे थे। यह काफी गंभीर मामला है। ममता बनर्जी के खिलाफ निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर सुसाइड नोट वायरल
दरअसल, सेवानिवृत्ति पुलिस अधिकारी गौरव दत्त ने सुसाइड नोट में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदारी ठहराया था। सोशल मीडिया में कथित तौर पर वायरल नोट के अनुसार, ममता ने उन्हें 'कंपल्सरी वेटिंग' में डाल दिया था। इसके अलावा 31 दिसंबर 2018 को सेवानिवृत्ति होने के बाद भी उनको ड्यूज नहीं दिया गया। आरोप है कि मुख्यमंत्री ने गौरव को सुसाइड करने के लिए उकसाया।
बता दें कि गौरव दत्त 1986 बैच के आइपीएस अधिकारी थे। पिछले मंगलवार को जब उनकी पत्नी घर पर पहुंचीं तो उन्होंने गौरव को खून से लथपथ पाया और उनकी हाथ की नसें कटी हुई थी। अस्पताल में गौरव को भर्ती करवाया गया था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका था।