विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Video को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खिलाफ शिकायत, जानें क्‍या है पूरा मामला

By Arun Kumar SinghEdited By:
Published: Mon, 15 Jun 2020 07:05 AM (IST)

भाजपा नेताओं ने रविवार रात भोपाल पुलिस क्राइम ब्रांच में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत की है।

Video को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खिलाफ शिकायत, जानें क्‍या है पूरा मामला
Video को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खिलाफ शिकायत, जानें क्‍या है पूरा मामला

भोपाल, राज्‍य ब्‍यूरो। मध्‍य प्रदेश में उपचुनाव नजदीक होने के कारण भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच सोशल मीडिया के जरिए वाद-प्रतिवाद खूब देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में भाजपा नेताओं ने रविवार रात भोपाल पुलिस क्राइम ब्रांच में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत की है। शिकायत में बताया गया कि रविवार दोपहर एक बजकर पचास मिनट पर पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो डाला है।

वीडियो में छेड़छाड़ कर 9 सेकंड के लिए तैयार किया गया  

इस वीडियो में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कह रहे हैं कि दारू इतनी फैला दो कि पीयें और पड़े रहें। शिकायत में जिक्र किया गया है कि यह वीडियो 12 जनवरी 2020 को शिवराज सिंह के अधिकृत ट्विटर अकाउंट पर डाला गया था। 2 मिनट 19 सेकंड के इस वीडियो में छेड़छाड़ कर 9 सेकंड का वीडियो तैयार किया गया है, जिसे दिग्विजय सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट पर डाला है।

वीडियो में कांटछांट करने का है मामला 

एडिशनल एसपी क्राइम ब्रांच निश्चल झारिया ने बताया कि रविवार रात को पूर्व मंत्री व विधायक विश्वास सारंग, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, विधायक कृष्णा गौर, रामेश्वर शर्मा आदि ने लिखित शिकायत की। साक्ष्य के तौर पर वीडियो की कॉपी पेन ड्राइव में पेश की। शिकायत में बताया गया कि कमल नाथ सरकार की आबकारी नीति में गांव--गांव में शराब दुकान खोलने की रूपरेखा बनाई जा रही थी। इस पर 12 जनवरी को किसी पत्रकार ने शिवराज सिंह चौहान से प्रतिक्रिया ली थी।

उसमें शिवराज सिंह ने साक्षात्कार के दौरान तत्कालीन सरकार की आबकारी नीति के विरोध में समाज हित पर अपनी टिप्पणी की थी। साक्षात्कार का यह 2 मिनट 19 सेकंड का वीडियो उसी दिन शिवराज सिंह के अधिकृत ट्विटर अकाउंट पर डाला गया था। उसी वीडियो में कांटछांट कर 9 सेकंड का वीडियो तैयार किया गया है। उसे रविवार दोपहर 1:50 बजे पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर डाला है। एएसपी झारिया ने बताया कि इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। 

पुराने वीडियो को सोशल मीडिया में किया गया वायरल 

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के पुराने वीडियो में कांटछांट कर सोशल मीडिया में भी वायरल किया गया। इस मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने अविनाश कडवे नाम के व्यक्ति व अन्य के खिलाफ धारा--500, 501, 505(1) बी, 67 आइटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने दिग्विजिय सिंह का उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था।