एमपी : कांग्रेस को लेकर नरोत्तम मिश्रा का बयान, बोले- लोकतंत्र खत्म करने को बनी थी पार्टी
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र खत्म करने के लिए ही कांग्रेस पार्टी विदेशियों द्वारा बनाई गई थी। आज भी शीर्ष पर बैठे लोग खुद मूल रूप से विदेशी हैं। इसमें कभी लोकतांत्रिक मूल्य देखने को नहीं मिलेंगे।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Misra) ने कांग्रेस (Congress) को लेकर कहा है कि लोकतंत्र खत्म करने के लिए कांग्रेस पार्टी विदेशियों द्वारा बनाई गई थी और पार्टी में कभी भी लोकतांत्रिक मूल्य देखने को नहीं मिल सकते। दरअसल पिछले दिनों कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह (Govind Singh) ने पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। जिसे लेकर गृहमंत्री का बयान आया है।
उन्होंने अपने बयान में कहा, 'लोकतंत्र खत्म करने के लिए ही कांग्रेस पार्टी विदेशियों द्वारा बनाई गई थी। आज भी शीर्ष पर बैठे लोग खुद मूल रूप से विदेशी हैं। मुझे लगता है कि गोविंद सिंह जी गलत जगह पर गलत चीज ढूंढ़ रहे हैं। कांग्रेस में कभी भी लोकतांत्रिक मूल्य नहीं देखने को मिलेंगे।'
इसके अलावा उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी की भूमिका 'चैतुए' के समान है जो सिर्फ चैत के महीने में ही फसल काटने के लिए गांव में नजर आते हैं उसके बाद नहीं आते। इसी तरह कमलनाथ भी सिर्फ चुनाव के समय दिखाई देते फिर गायब हो जाते हैं।
भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की सूची
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को देर रात आगामी उपचुनाव को लेकर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। बता दें कि मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों उपचुनाव होने जा रहे हैं। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर आए सभी 22 पूर्व विधायकों को टिकट दिया गया है।
बता दें कि सत्ता परिवर्तन के दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने वादा किया था कि कांग्रेस छोड़ने वाले सभी पूर्व विधायकों को भाजपा चुनाव लड़ाएगी। इसके अलावा पार्टी ने उन तीन पूर्व विधायकों को भी टिकट दिया है, जिन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली है। इसमें मलहरा से प्रद्युम्न सिंह लोधी, मांधाता से नारायण पटेल और नेपानगर से सुमित्रा देवी कास्डेकर शामिल हैं।