मोदी सरकार ने लोकसभा में लिखित में दिया जवाब, केंद्र के विभागों में इतने पद हैं खाली
सरकार ने लोकसभा में बताया कि केंद्र सरकार के विभागों में कुल 4,12,752 रिक्तियों में से समूह ए में 15,284, समूह बी में 76,050 और समूह सी में 3,21,418 पद शामिल हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में वर्ष 2016 में 4.12 लाख से अधिक पद रिक्त थे। सरकार ने लोकसभा में बुधवार को लिखित जवाब में बताया कि केंद्र सरकार के विभागों में कुल 4,12,752 रिक्तियों में से समूह 'ए' में 15,284, समूह 'बी' में 76,050 और समूह 'सी' में 3,21,418 पद शामिल हैं।
कार्मिक राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, 'खाली पड़े पदों को संबंधित मंत्रालयों, विभागों या संगठनों द्वारा भर्ती नियमों के अनुसार भरा जाना आवश्यक है।' उन्होंने कहा कि पदों को भरने का काम सतत प्रक्रिया है। यह वर्ष के दौरान मंत्रालयों और विभागों में होने वाली रिक्तियों के आधार पर और भर्ती करने वाली एजेंसियों की कार्रवाई कैलेंडर के अनुसार होती है।
1,986 पाक-अफगान शरणार्थियों को नागरिकता
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान के सभी धर्मों के 1,986 शरणार्थियों को भारत की नागरिकता दी गई। आंकड़ों के अनुसार, इनमें 1,595 पाकिस्तानी और 391 अफगानिस्तानी शामिल हैं। वर्ष 2018 से अब तक अफगानिस्तान और पाकिस्तान से आए 295 हिंदू और सिखों को नागरिकता दी गई।
म्यांमार के 12 नागरिकों को हाल में वापस भेजा गया
एक अन्य सवाल के लिखित जवाब में रिजिजू ने बताया कि म्यांमार के रहने वाले 12 लोगों को हाल में वापस भेजा गया। जबकि वर्ष 2017 से अब तक कुल 22 लोगों को म्यांमार वापस भेजा गया।
267 थानों में टेलीफोन और 129 में वायरलेस नहीं
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर ने राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि देश के 267 थानों में टेलीफोन और 129 में वायरलेस सेट नहीं हैं। उन्होंने बताया कि कुल 863 थानों के पास अपना भवन नहीं है, जबकि 273 में आधुनिक वाहन नहीं हैं। देश में करीब 15,650 थाने हैं।